Lucknow: ट्रांसफार्मर से तेल और कॉपर तार चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र स्थित सहिलामऊ गांव में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। यह गिरोह ट्रांसफार्मर से तेल और कॉपर तार चोरी करता था। पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक आरोपी गोली लगने से घायल हुआ है।
डीसीपी पश्चिमी, विश्वजीत श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि पुलिस को लगातार ग्रामीण इलाकों में ट्रांसफार्मर से तेल और कॉपर तार चोरी करने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना मिलने पर पुलिस और पश्चिमी जोन की क्राइम टीम ने सहिलामऊ गांव में घेराबंदी की और गिरोह के सदस्यों को रंगे हाथ पकड़ने का प्रयास किया।

इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। फायरिंग में आरोपी रंजीत यादव के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। बाकी तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रंजीत यादव, मनोज यादव, शिव यादव उर्फ सोनू और विपिन गौतम शामिल हैं। इनके पास से एक सेंट्रो कार (UP 32 BZ 1177), चोरी किए गए 12 कॉपर क्वायल, तमंचा, कारतूस और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।
इन आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रांसफार्मर से तेल और कॉपर तार चोरी कर उसे बेचने का काम करते थे। पुलिस ने उनके खिलाफ मलिहाबाद थाना में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु पांच हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
गिरफ्तार अपराधियों का विवरण:
- रंजीत यादव (29 वर्ष), निवासी घनश्यामपुर, थाना काकोरी
- मनोज यादव (26 वर्ष), निवासी घनश्यामपुर, थाना काकोरी
- शिव यादव उर्फ तन्नू (21 वर्ष), निवासी घनश्यामपुर, थाना काकोरी
- विपिन गौतम (23 वर्ष), निवासी बेलगढा बडी गढी, थाना मलिहाबाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विपिन गौतम का अपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें चोरी, लूट और अवैध हथियार रखने के मामले शामिल हैं। मलिहाबाद थाना पुलिस और पश्चिमी लखनऊ क्राइम ब्रांच की टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस की यह कार्रवाई इलाके में बढ़ते हुए ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं पर काबू पाने में मददगार साबित होगी।
Also Read: Lucknow : भूटानी ग्रुप के खिलाफ ईडी की बड़ी कार्रवाई, लखनऊ से लेकर दिल्ली तक हुई छापेमारी

