लखनऊ को मिली बड़ी सौगात: अंग्रेजी और विदेशी भाषा विश्वविद्यालय के लिए मिली स्थायी जमीन
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के युवाओं को विश्वस्तरीय भाषाई शिक्षा देने की दिशा में योगी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विश्वविद्यालय, हैदराबाद (EFLU) के लखनऊ परिसर के लिए स्थायी भूमि आवंटित कर दी है। अब यह विश्वविद्यालय अपने नए परिसर में बी.ए. (ऑनर्स) अंग्रेजी, एम.ए., फ्रेंच, जर्मन, रूसी और स्पेनिश जैसी भाषाओं के कई कोर्स चला सकेगा।

सिर्फ 1 रुपये सालाना लीज पर मिली जमीन
इस परियोजना के लिए लखनऊ के सरोजनी नगर तहसील के ग्राम चकौली में 2.3239 हेक्टेयर (लगभग 5.7 एकड़) जमीन चिन्हित की गई थी। इस जमीन की कीमत करीब 9.3 करोड़ रुपये है। विश्वविद्यालय द्वारा जमीन खरीदने में असमर्थता जताने के बाद, योगी सरकार ने इसे एक रुपये प्रतिवर्ष की टोकन लीज पर देने का फैसला किया। जमीन हस्तांतरण समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी मौजूद थे।
युवाओं को मिलेगी बेहतर शिक्षा
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि यह फैसला युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्थायी परिसर बनने से शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं में और भी सुधार होगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन. नागराजू ने भी सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लखनऊ परिसर भाषाई शिक्षा और अनुसंधान का एक बेहतरीन केंद्र बनेगा।
Also Read: Fatehpur controversy: BJP जिलाध्यक्ष का Video वायरल, SP से कहा- ‘हिम्मत है तो…

