Lucknow News: शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से रिश्तेदार की मौत, आरोपी फरार
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विराटखण्ड-1 में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय सुनील यादव के रूप में हुई है, जो अलीगंज इलाके के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 1:30 बजे की है। सुनील यादव अपने एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए विराटखण्ड-1 स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परिसर में आए थे। कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद मेहमानों में से एक ने उत्साह में आकर फायरिंग कर दी। दुर्भाग्यवश, गोली सीधे सुनील यादव को जा लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
गोली चलने के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और रिश्तेदार आनन-फानन में घायल सुनील को पास के मैक्स हॉस्पिटल ले गए। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गोमतीनगर थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
शाश्वत सिंह पर फायरिंग का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच और चश्मदीदों से पूछताछ में एक नाम प्रमुखता से सामने आया है। बताया जा रहा है कि समारोह में शामिल होने आए शाश्वत सिंह नामक व्यक्ति ने फायरिंग की थी, जिसकी गोली सुनील यादव को लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शाश्वत मौके से फरार हो गया है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 2 विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस की टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और सुनील के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से तहरीर (शिकायत) मिलते ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Gorakhpur News: UP STF ने 50 हजार के इनामी गो-तस्कर शौकीन को किया गिरफ्तार

