लखनऊ: शहीद पथ पर ट्रैफिक रोके बिना बनेगी एलिवेटेड रोड, ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट में बड़े बदलाव
Sandesh Wahak Digital Desk: नवाबों के शहर में ट्रैफिक को रफ्तार देने के लिए ‘ग्रीन कॉरिडोर’ परियोजना अब अपने तीसरे और चौथे चरण में प्रवेश कर रही है। मंगलवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें शहीद पथ और पुराने लखनऊ के प्रमुख चौराहों को जाम मुक्त बनाने का ब्लू प्रिंट तैयार किया गया।

शहीद पथ पर नहीं लगेगा ‘ब्रेक’
अक्सर देखा जाता है कि जब भी किसी बड़े फ्लाईओवर या एलिवेटेड रोड का काम शुरू होता है, तो ट्रैफिक डाइवर्जन की वजह से लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। लेकिन एलडीए उपाध्यक्ष ने साफ कर दिया है कि शहीद पथ पर प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का निर्माण इस तरह किया जाएगा कि यातायात बाधित न हो। निर्माण के दौरान भी गाड़ियां अपनी सामान्य गति से चलती रहेंगी, जिससे यात्रियों को कोई परेशानी नहीं होगी।
हनुमान सेतु और निशातगंज पर ‘ड्रोन’ की नजर
प्रोजेक्ट के दूसरे चरण में पक्का पुल से समतामूलक चौक तक काम चल रहा है। यहां हनुमान सेतु, निशातगंज और समतामूलक पर नई रोटरी (गोल चक्कर) बनाई गई हैं। भविष्य में यहां जाम न लगे, इसके लिए खास तैयारी की गई है। हनुमान सेतु रोटरी का ड्रोन से सर्वे किया गया। पीक आवर्स (सुबह 10 और शाम 6 बजे) में जांच की गई, जिसमें फिलहाल ट्रैफिक सुचारू पाया गया है।
निशातगंज और समतामूलक रोटरी पर जाम की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सीधे रूट के बजाय यू-टर्न देने का सुझाव दिया है। जल्द ही इसका ट्रायल शुरू होगा और नतीजे सफल रहने पर स्थायी बदलाव किए जाएंगे।

किसान पथ तक बढ़ेगा ग्रीन कॉरिडोर
परियोजना के तीसरे और चौथे चरण में समतामूलक चौक से सीधे किसान पथ तक बंधा रोड, फ्लाईओवर और ब्रिज का जाल बिछाया जाएगा। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने निर्देश दिए हैं कि नया रूट शुरू करने से पहले पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग और ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर ‘ज्वाइंट विजिट’ की जाए, ताकि काम शुरू होने के बाद किसी भी तरह की तकनीकी अड़चन न आए। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से पुराने लखनऊ और गोमती नगर से शहीद पथ होकर किसान पथ तक जाना बेहद आसान और तेज हो जाएगा।
Also Read: दिल्ली में दर्दनाक हादसा: पीतमपुरा के कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग; 2 मजदूरों की मौत, 3 की हालत गंभीर

