लखनऊ के हाथी पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, सुरेश खन्ना ने लगाए 100 पौधे
Lucknow News: लखनऊ के डालीगंज स्थित हाथी पार्क में मंगलवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम हुआ। पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ पौधे लगाए।
इस दौरान पार्क परिसर में करीब 100 पौधे रोपे गए। इनमें छायादार, फलदार और औषधीय प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। अशोक, अर्जुन, अमरूद, मनोकामिनी, टिकोमा और गुलाचीन के पौधे लगाए गए।
सुरेश खन्ना ने की देखभाल की अपील
प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के नाम पौधा लगाने की अपील की। साथ ही कहा कि पौधा लगाने के बाद उसकी नियमित देखभाल भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सिर्फ पौधारोपण करने से अभियान का उद्देश्य पूरा नहीं होगा। पौधों को सुरक्षित रखना और उन्हें पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है।
अधिकारियों ने लिया हिस्सा
सुरेश खन्ना ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण तैयार करना है।
कार्यक्रम में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, उद्यान अधीक्षक गंगाराम गौतम, शशिकांत शशि समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Also Read: चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी, मंत्रालय में मैसेज पहुंचते ही मचा हड़कंप

