Lucknow: तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू ने बरपाया कहर, महिला की दर्दनाक मौत, वाहन बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र में दिनांक 20/21 अप्रैल, 2025 की मध्यरात्रि लगभग 1:30 बजे एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना MIS चौराहे के समीप राजाजीपुरम टैक्सी स्टैंड रोड पर पुलिस सहायता केंद्र के पास हुई।

शिकायतकर्ता आकाश लोधी के अनुसार, उनके बड़े भाई सुभाष लोधी और माता राजरानी (लगभग 60 वर्ष) एक बारात से लौट रहे थे। उनकी गाड़ी (संख्या UP32DF 8853) को एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रही बीएमडब्ल्यू गाड़ी (पंजीकरण संख्या HR 26CF 3124) ने जोरदार टक्कर मार दी।

इस भीषण टक्कर में सुभाष लोधी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए, जबकि उनकी माता राजरानी दुर्भाग्यवश बीएमडब्ल्यू के पहिए में फंस गईं और लगभग 600 मीटर तक घसीटी गईं, जिसके परिणामस्वरूप उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

इस सनसनीखेज घटना के संबंध में तालकटोरा थाने में मु0अ0सं0 79/2025, धारा 281, 106, 125ए, और 125बी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बीएमडब्ल्यू कार बरामद

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आज दिनांक 23 अप्रैल को आरोपी वाहन (बीएमडब्ल्यू, पंजीकरण संख्या HR 26CF 3124) को बरामद कर लिया है। उप-निरीक्षक संपीद जयसवाल और उप-निरीक्षक प्रवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त वाहन हजरतगंज में फायर स्टेशन की बाउंड्री के पास खड़ा है।

पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन को लावारिस हालत में पाया। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी चालक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर थाना तालकटोरा में खड़ा कर दिया है।

अधिकारी ने बताया कि बरामद बीएमडब्ल्यू गुरुग्राम की एक कंपनी के नाम से पंजीकृत है। घटना के समय वाहन में कौन मौजूद था, इसकी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले में निष्पक्ष और तेजी से जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Also Read: Gonda News: एसपी साहब! दुष्कर्म के आरोपी गैंगस्टर पर मेहरबान है नगर पुलिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.