Lucknow: तेज रफ्तार पिकअप ने मारी स्कूटी में टक्कर, दो लोगों की मौत, एक घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में रविवार देर रात लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। काकोरी थाना क्षेत्र के गहलवारा अंडरपास सर्विस लेन पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

रेवरी टोल प्लाजा चौकी प्रभारी धीरज भारद्वाज ने बताया कि काकोरी नगर पंचायत निवासी संतोषी (लगभग 40 वर्ष) अपने पति सुशील (44 वर्ष) और मीरखेड़ा गांव के रिश्तेदार सुरेश (लगभग 45 वर्ष) के साथ रात करीब 8:30 बजे अपनी स्कूटी से ढाबा बंद करके घर लौट रही थीं। संतोषी सर्विस लेन पर ढाबा चलाती हैं।

गहलवारा अंडरपास के पास अचानक एक तेज गति से आ रहे पिकअप ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों स्कूटी सवार उछलकर दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सुशील और सुरेश को मृत घोषित कर दिया। संतोषी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

मृतक सुशील के परिवार में उनकी पत्नी संतोषी के अलावा एक और पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है।

इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि पुलिस ने पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है, हालांकि, दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

Also Read: पहलगाम आतंकी हमले को लेकर दिल्ली में बड़ी बैठक, आज PM मोदी से मिलेंगे राजनाथ सिंह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.