लखनऊ का सबसे ऊंचा फ्लाईओवर दीपावली से पहले होगा शुरू, डालीगंज-पक्का पुल 2 मिनट का सफर
Lucknow Green Corridor: लखनऊ शहर को दीपावली से पहले एक बड़ी यातायात सुविधा मिलने जा रही है। ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत बन रहा लखनऊ का सबसे ऊंचा फ्लाईओवर दीपावली से पहले चालू करने की तैयारी है। इसके शुरू होने के बाद डालीगंज से पक्का पुल तक का सफर महज 2 मिनट में पूरा हो सकेगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात को सुचारू रखने के लिए टीले वाली मस्जिद के पास इंटीग्रेटेड रोटरी बनाने के निर्देश दिए।
25 मीटर ऊंचा है फ्लाईओवर
प्रथमेश कुमार ने बताया कि पक्का पुल यानी हर्डिंग ब्रिज से डालीगंज रोटरी के बीच बना यह दो लेन का फ्लाईओवर 1.1 किलोमीटर लंबा है। रेलवे ब्रिज के ऊपर बने इस फ्लाईओवर की जमीन से ऊंचाई करीब 25 मीटर है।
फ्लाईओवर के स्ट्रक्चर का निर्माण पूरा हो चुका है। फिलहाल डामरीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने का काम चल रहा है। योजना है कि सितंबर के अंत तक बाकी काम पूरे कराकर इसे दीपावली से पहले यातायात के लिए खोल दिया जाए।
इसके शुरू होने से पक्का पुल से समतामूलक चौराहे तक सीधा आवागमन संभव होगा। इससे पुराने लखनऊ की करीब 10 लाख आबादी को फायदा मिलने की उम्मीद है।
ट्रैफिक के लिए बनेगी इंटीग्रेटेड रोटरी
फ्लाईओवर पर चढ़ने और उतरने वाले वाहनों को सुरक्षित और आसान रास्ता देने के लिए इंटीग्रेटेड रोटरी बनाई जाएगी। टीले वाली मस्जिद के पास नई रोटरी बनेगी। वहीं मरी माता मंदिर के पास पहले से बनी रोटरी को री-मॉडल कर वाहनों के लिए चार लेन का रास्ता तैयार किया जाएगा।
एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि आईआईटी बीएचयू और वीएनआईटी नागपुर की संयुक्त टीम ने सर्वे के बाद इंटीग्रेटेड रोटरी की ड्राइंग तैयार की है।
पक्का पुल बनेगा पेडेस्ट्रियन ब्रिज
प्रथमेश कुमार ने बताया कि सेतु निगम की ओर से पक्का पुल के पास गोमती नदी पर नया ब्रिज बनाया जा रहा है। इसके चालू होने के बाद पक्का पुल पर वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
पक्का पुल को पैदल यात्रियों के लिए पेडेस्ट्रियन ब्रिज के रूप में इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है।
निरीक्षण के दौरान पीआईयू प्रभारी ए.के. सिंह सेंगर, जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार और मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी व अभियंता मौजूद रहे।

