लखनऊ हिट एंड रन: फेयरवेल पार्टी से लौट रहे छात्र ने कार से मचाया कोहराम; मासूम की मौत, 4 अन्य गंभीर रूप से घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के बंथरा कस्बे में बृहस्पतिवार देर शाम एक बेलगाम कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों और कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में 6 वर्षीय मासूम दीक्षांत की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। आरोपी, जो कि 12वीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है, हादसे के बाद कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे का घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार, आरोपी छात्र लखनऊ से कानपुर की ओर अपनी कार से जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह अपनी किसी दोस्त के साथ फेयरवेल पार्टी से लौट रहा था और कार की रफ्तार बहुत तेज थी।
सबसे पहले कार ने कानपुर रोड पर खड़ी एक बाइक को टक्कर मारी, जिससे चालक ने नियंत्रण खो दिया। बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े अरमान, साधना पटेल, मीना देवी और मासूम दीक्षांत को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद कार ई-रिक्शा और ऑटो से जा भिड़ी। हादसे के बाद भागने की कोशिश में कार का टायर फट गया। पकड़े जाने के डर से आरोपी छात्र अपनी महिला मित्र के साथ गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला।
अस्पताल में मासूम ने तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में सभी घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। केंद्रीय विद्यालय में कक्षा-2 का छात्र दीक्षांत (6 वर्ष) गंभीर रूप से घायल था। डॉक्टरों ने उसे सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रेफर किया, जहाँ परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिसिया कार्रवाई
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। आरोपी छात्र की पहचान बंथरा के बनी क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

