Lucknow News: अलीगंज में प्लाईवुड की दुकान में भीषण आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

Sandesh Wahak Digital Desk: शनिवार सुबह लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक प्लाईवुड की दुकान में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई यूनिट मौके पर पहुंचीं और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

सुबह 8 बजे मिली सूचना, दमकल विभाग तत्काल हुआ सक्रिय

बता दें कि 19 जुलाई की सुबह ठीक 08:04 बजे इंदिरा नगर फायर स्टेशन के कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि शिवलोक, त्रिवेणी नगर 3rd, बंधा रोड अलीगंज में स्थित एक लकड़ी और प्लाई की दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही इंदिरा नगर फायर स्टेशन से एक फायर टेंडर और एफएसओ की टीम मौके के लिए रवाना की गई। इसके अलावा चौक फायर स्टेशन से एक वाटर वाउजर और फायर टेंडर तथा बीकेटी फायर स्टेशन से भी एक और फायर टेंडर भेजा गया।

तीनों फायर स्टेशन की टीमों ने संभाला मोर्चा

जब दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं, तो चौक फायर स्टेशन की यूनिट आग बुझाने में लगी हुई थी। इंदिरा नगर और बीकेटी फायर स्टेशनों की यूनिटों ने भी तत्काल मोर्चा संभाल लिया। चूंकि आग प्लाई और लकड़ी की दुकान में लगी थी, इसलिए दुकान के अंदर घना धुआं भर गया था। दमकल अधिकारियों के निर्देश पर दुकान के दोनों शटर तोड़कर आग पर काबू पाने की कोशिशें तेज की गईं। दमकल टीम ने जब दुकान की दूसरी मंजिल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया, तो वहां आग नहीं थी, लेकिन काफी मात्रा में धुआं फैला हुआ था। खिड़कियों और दरवाजों को खोलकर धुआं बाहर निकाला गया।

दो घंटे बाद काबू में आई आग, कोई जनहानि नहीं

लगभग दो घंटे की लगातार कोशिशों के बाद दमकल विभाग की तीनों यूनिटों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान किसी व्यक्ति के घायल होने या जान गंवाने की सूचना नहीं है, जो कि राहत की बात है। आग बुझने के बाद जब दुकान मालिक से जानकारी ली गई, तो पता चला कि पीड़ित का नाम दिनेश कुमार पुत्र राम नगीना है, जो त्रिवेणी नगर 3rd, अलीगंज में रहते हैं। उनकी दुकान का नाम DIZZARTS INTERIOR (CNC Work) है। इस हादसे में दुकान की दो CNC मशीनें, लकड़ी का बड़ा स्टॉक, दो कंप्यूटर और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

 

Also Read: लखनऊ में दर्दनाक सड़क हादसा, ड्यूटी पर तैनात महिला सफाईकर्मी को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.