लखनऊ में ‘ऑनर किलिंग’: प्रेम विवाह से नाराज ससुराल वालों ने दामाद को सरेराह चाकू से गोदा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में एक युवक को अपनी पसंद की लड़की से शादी करने की भारी कीमत चुकानी पड़ी। पीलीभीत के रहने वाले 24 वर्षीय रामसागर की उसके ही ससुर और सालों ने बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए लड़की के पिता, दो भाइयों और एक नाबालिग रिश्तेदार को दबोच लिया है।
दिसंबर 2024 में हुआ था प्रेम विवाह
मृतक रामसागर ने काकोरी के लालताखेड़ा की रहने वाली कामिनी से दिसंबर 2024 में प्रेम विवाह किया था। दोनों का संपर्क इंस्टाग्राम के जरिए हुआ था। चूंकि परिवार इस शादी के खिलाफ था, इसलिए करीब डेढ़ महीने बाद कामिनी के पिता उसे यह कहकर वापस ले आए कि वे रीति-रिवाज से दोबारा शादी करेंगे। हालांकि, घर लाने के बाद उन्होंने कामिनी की शादी दूसरी जगह तय कर दी।
शादी टूटी तो बन गए जान के दुश्मन
जब रामसागर को पता चला कि कामिनी की शादी कहीं और हो रही है, तो उसने हस्तक्षेप किया, जिसके कारण कामिनी का दूसरा रिश्ता टूट गया। इससे कामिनी के भाई सुमित और अमित, और पिता भिम्मा बुरी तरह भड़क गए और उन्होंने रामसागर को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
कामिनी से बात कराने के बहाने बिछाया जाल
16 फरवरी की शाम, कामिनी की मौसी का लड़का (नाबालिग) रामसागर को झांसा देकर काकोरी ले आया। उसने कहा कि वह सड़क पर रुके, वह अभी कामिनी से उसकी बात कराता है। रामसागर सिर्फ यह जानना चाहता था कि कामिनी दूसरी शादी अपनी मर्जी से कर रही है या दबाव में।
तभी मोटरसाइकिल से कामिनी के दोनों भाई सुमित और अमित पहुँचे, जबकि पिता भिम्मा पैदल ही वहाँ आ गया। उन्होंने रामसागर और उसके भाई राहुल को पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच सुमित ने चाकू से रामसागर पर हमला कर दिया। जब रामसागर जमीन पर गिर गया, तो अमित ने चाकू छीनकर उस पर ताबड़तोड़ कई वार किए। भाई राहुल ने उसे बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी। राहगीरों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकले।
पुलिस की कार्रवाई: 24 घंटे में खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही काकोरी पुलिस ने टीमें गठित कीं। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हरदोईया मोड़ के पास से तीनों मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग को संरक्षण में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाया गया खून से सना चाकू (आलाकत्ल) भी बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
सुमित गौतम (25 वर्ष) – मुख्य हमलावर (कामिनी का भाई)
अमित गौतम (20 वर्ष) – हमलावर (कामिनी का भाई)
भिम्मा गौतम (50 वर्ष) – साजिशकर्ता (कामिनी का पिता)
बाल अपचारी (16 वर्ष) – मुखबिर/साथी
Also Read: लखनऊ में शातिर अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरफ्तार, 2 ‘टाटा एस’ डाला और 6 मोटरसाइकिलें बरामद

