लखनऊ: इनाया हाइट्स का गार्ड ही निकला चोर, पुलिस ने बिजली के तार के साथ किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की हाईप्रोफाइल सोसाइटी ‘इनाया रॉयल हाइट्स’ में सुरक्षा के लिए तैनात एक गार्ड ने ही वहां के स्टोर रूम में सेंध लगा दी। गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी गार्ड को चोरी के माल के साथ रंगे हाथों दबोच लिया है।
क्या है पूरा मामला?
एलर्ट मल्टी सॉल्यूशन सिक्योरिटी कंपनी के फील्ड ऑफिसर योगेंद्र सिंह ने 15 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि इनाया रॉयल हाइट्स से भारी मात्रा में एल्युमिनियम और आर्म्ड केबल चोरी हो गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की, तो शक की सुई सोसाइटी में ही तैनात गार्ड की ओर घूमने लगी।
‘रक्षक’ ही बना ‘भक्षक’
गिरफ्तार अभियुक्त आदर्श सिंह (23 वर्ष) इसी सोसाइटी में गार्ड की नौकरी करता था। उसने पूछताछ में बताया कि जब स्टोर रूम के आसपास कोई नहीं होता था, तो वह चुपके से तार चोरी कर लेता था। चोरी किए गए तारों को वह अपने दोस्त हर्ष को बेचने के लिए दे देता था। इसके बदले उसे एक-दो हजार रुपये मिल जाया करते थे।
आरोपी ने कुबूल किया कि उसने 28 जनवरी को भी तार चोरी किए थे। 24 फरवरी की रात करीब 8:20 बजे वह फिर से चोरी किए हुए तार अपने दोस्त को देने जा रहा था, तभी ग्वारी पुल के पास पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस की बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।
चोरी के तार: करीब 6.650 किलोग्राम बिजली के तार और 1 किलोग्राम छिला हुआ कॉपर वायर।
नकदी: तार बेचकर मिले पैसों में से बचे हुए 910 रुपये।
कानूनी कार्रवाई
सब-इंस्पेक्टर उपेन्द्र गिरि के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब आरोपी के दोस्त ‘हर्ष’ की तलाश कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या इस गिरोह में और भी लोग शामिल हैं।
Also Read: अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, बोले- नोटबंदी के बाद अब भाजपा का ‘वोटबंदी’ अभियान शुरू

