दिवाली से पहले जगमगाया लखनऊ का इंदौर बाग, वर्षों के अंधेरे के बाद लौटी बिजली की रोशनी

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के इंदौर बाग, साढामऊ के निवासियों के लिए इस बार की दिवाली कुछ खास रही। वर्षों से अंधेरे में डूबे इस क्षेत्र में दीपावली से पहले आखिरकार बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में खुशी और उत्साह का माहौल है। बिजली आते ही लोगों के चेहरों पर जो खुशी लौटी है, वह लंबे इंतजार की कहानी बयां करती है।

इस बड़ी उपलब्धि के पीछे स्थानीय विधायक योगेश शुक्ला और विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता पंकज गुप्ता का निरंतर प्रयास और सहयोग रहा। स्थानीय निवासियों ने बार-बार बिजली की समस्या को लेकर शिकायतें और निवेदन किए थे, जिसे दोनों अधिकारियों ने गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र को रौशन करने का काम किया।

Indore Bagh

बिजली आने से अब क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब बच्चों की पढ़ाई में सुविधा होगी और घरेलू काम-काज भी आसानी से हो पाएंगे। वर्षों से अंधेरे में जीवन गुजारना काफी मुश्किल था, लेकिन अब सचमुच उजाला लौट आया है। हालांकि उपभोक्ताओं को कनेक्शन लेने के लिए प्रति उपभोक्ता 70 रुपये का सुरक्षा शुल्क (Secure Fit) जमा करना होगा, लेकिन इस छोटी सी औपचारिकता के बावजूद क्षेत्रवासियों में गहरी प्रसन्नता है।

इंदौर बाग, साढामऊ के निवासियों ने विधायक योगेश शुक्ला और अधिशासी अभियंता पंकज गुप्ता के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि वर्षों का यह लंबा इंतज़ार अब खत्म हो गया है और यह उनके लिए दिवाली के तोहफे से कम नहीं है।

Also Read: Lucknow News: रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल होने पर डीजीपी ने 11 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.