लखनऊ: 40 कुंतल सरिया चोरी करने वाला अंतर्जनपदीय गैंग गिरफ्तार, ट्रक समेत 23 बंडल सरिया बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के बक्शी का तालाब (BKT) थाना क्षेत्र में बीते दिनों एक व्यापारी की दुकान के बाहर से भारी मात्रा में सरिया चोरी हो गई थी। इस मामले में पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की उत्तरी जोन टीम और क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी में शामिल चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई सरिया और घटना में प्रयुक्त ट्रक बरामद कर लिया है।
क्या थी पूरी घटना?
25 जनवरी की रात, भैसामऊ क्रॉसिंग के पास स्थित ‘शिवरतन ट्रेडर्स’ के बाहर से चोरों ने लगभग 40 कुंतल लोहे की सरिया पार कर दी थी। पीड़ित दुकानदार रामसनेही यादव की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को पता चला कि चोरी की गई सरिया को एक ट्रक में लादकर खपाने की तैयारी है।

किसान पथ पर घेराबंदी और गिरफ्तारी
सोमवार, 2 फरवरी को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि चोरी की सरिया से लदा ट्रक किसान पथ की ओर जा रहा है। बीकेटी पुलिस ने इन्दौराबाग सर्विस लेन पर घेराबंदी की और ट्रक संख्या UP32FN2424 को रोक लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें से चोरी के 23 बंडल सरिया बरामद हुए। मौके से पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया ।
मेवालाल यादव (उम्र 53 वर्ष, निवासी उन्नाव) – गैंग का सरगना
दीपक यादव (उम्र 36 वर्ष, निवासी उन्नाव)
अखिलेश कुमार (उम्र 28 वर्ष, निवासी उन्नाव)
जयदीप यादव (उम्र 26 वर्ष, निवासी उन्नाव)
पुराने और मंझे हुए अपराधी हैं ये चोर
पकड़े गए अभियुक्तों का रिकॉर्ड खंगालने पर पुलिस के भी होश उड़ गए। गिरोह का मुख्य सदस्य मेवालाल और उसके साथी अखिलेश व दीपक पर लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली और बाराबंकी जैसे जिलों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। यह गैंग दिन में रेकी करता था और रात में ट्रक लेकर पहुंचता था ताकि भारी सामान आसानी से चोरी किया जा सके।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के चक्कर में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके पास से बरामद ट्रक को भी जब्त कर लिया है और अब इनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
Also Read: आगरा में 21 लाख की ‘MDM’ ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एमपी में सप्लाई की थी तैयारी

