लखनऊ की बटलर झील में शुरू होगा ‘आईलैंड कैफे’, पानी के बीचों-बीच प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ उठा सकेंगे लोग

Sandesh Wahak Digital Desk: अगर आप अपनी शाम को खास बनाना चाहते हैं और शहर के शोर-शराबे से दूर पानी की लहरों के बीच बैठना चाहते हैं, तो लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) आपके लिए एक शानदार तोहफा ला रहा है। ऐतिहासिक बटलर झील के बीच बने आईलैंड पर अब ‘आईलैंड कैफे’ खुलने जा रहा है। शनिवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मौके का मुआयना किया और अगले 15 दिनों के भीतर इस कैफे को शुरू करने का आदेश दिया।

लखनऊ की बटलर झील में शुरू होगा ‘आईलैंड कैफे

 

कैसा होगा अनुभव?

झील के किनारे से एक खूबसूरत पेडेस्ट्रियन ब्रिज (पैदल पुल) बनाया गया है, जो सीधे झील के बीच बने आईलैंड तक जाता है। इसी आईलैंड पर कैफेटेरिया तैयार किया गया है। यहां लोग न केवल लजीज व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे, बल्कि चारों तरफ पानी और हरियाली के बीच अपने परिवार और दोस्तों के साथ यादगार समय बिता सकेंगे।

लखनऊ की बटलर झील में शुरू होगा ‘आईलैंड कैफे

बटलर पैलेस का भी बदलेगा रूप

सिर्फ झील ही नहीं, बल्कि पास ही स्थित ऐतिहासिक बटलर पैलेस के जीर्णोद्धार का काम भी तेजी से चल रहा है। उपाध्यक्ष ने बताया कि अप्रैल 2026 तक बटलर पैलेस में भी एक नया कैफेटेरिया बनकर तैयार हो जाएगा। पैलेस के पहले तल के सौंदर्यीकरण और फसाड लाइटिंग का काम जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। पैलेस के पिछले हिस्से में शानदार लैंडस्केपिंग और बागवानी (हॉर्टीकल्चर) का काम कराया जाएगा।

लखनऊ की बटलर झील में शुरू होगा ‘आईलैंड कैफे

हजरतगंज में भी दिखेगा बदलाव

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने हजरतगंज की सुंदरता को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हजरतगंज से हटाई जा रही पुरानी रेलिंग और बिजली के खंभों को बेकार फेंकने के बजाय एलडीए की नई कॉलोनियों के पार्कों में लगाया जाए। साथ ही, उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के पुराने साइन बोर्ड हटाकर निर्धारित कलर कोड और साइज के नए बोर्ड लगाएं ताकि हजरतगंज की एकरूपता बनी रहे।

 

Also Read: यूपी में प्रशासनिक फेरबदल: 6 IAS अफसरों के किए तबादले; नगेन्द्र प्रताप बने आगरा के नए कमिश्नर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.