Lucknow News: जियो स्टोर मैनेजर का फंदे से लटका मिला शव, भाई के बयान और सुसाइड नोट में उलझा केस
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित प्रियदर्शनी कॉलोनी में एक निजी टेलीकॉम कंपनी (जियो स्टोर) के मैनेजर का शव उनके कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना स्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मृतक ने अपनी मौत के लिए स्वयं को उत्तरदायी ठहराया है। हालांकि, मृतक के परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सीतापुर जिले के रहेटा गांव के रहने वाले पवन कुमार शुक्ला लखनऊ में जियो स्टोर के मैनेजर थे। घटना का पता शुक्रवार रात लगभग 9.15 बजे चला। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है।
कैसे हुई जानकारी?
पवन प्रियदर्शनी कॉलोनी में किराये के कमरे में रहते थे। शुक्रवार रात जब काफी देर तक कमरा अंदर से बंद रहा और पड़ोसियों के आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो लोगों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा धक्का देकर खोला। अंदर पवन का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मड़ियांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों का आरोप और संदेह
मृतक के भाई अतुल ने पुलिस के सामने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अतुल के अनुसार, शुक्रवार दोपहर पवन की अपनी पत्नी सोनी से सामान्य बातचीत हुई थी, जिससे वह तनाव में नहीं लग रहे थे। भाई ने आरोप लगाया कि एक युवती का पवन के कमरे पर आना-जाना था, जिसकी भूमिका की जांच होनी चाहिए। परिजनों ने सुसाइड नोट की लिखावट (Handwriting) के मिलान और पवन के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालने की मांग की है।
पुलिस का पक्ष
इंस्पेक्टर मड़ियांव के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है क्योंकि कमरा अंदर से बंद था और सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि, पुलिस हत्या और आत्महत्या के दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
Also Read: Lucknow News: मामूली विवाद में लकड़ी के पटरे से पीट-पीटकर हत्या, महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

