लखनऊ: कैसरबाग में पुराने नौकर ने मालिक की दुकान में डाला डाका, 2 सगे भाई गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के कैसरबाग पुलिस ने दो ऐसे शातिर भाइयों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक दुकान से कीमती एनर्जी मीटर और चार्जर चोरी किए थे। पकड़े गए आरोपियों में से एक पीड़ित की दुकान का पुराना और भरोसेमंद कर्मचारी रह चुका था। पुलिस ने उनके पास से चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया है।

सीसीटीवी और मुखबिर ने खोला राज

मामले की शुरुआत 28 जनवरी को हुई, जब मानस मेहरोत्रा ने अपनी दुकान में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया, तो शक की सुई पुराने नौकर शुभम की ओर घूमी। गुरुवार को पुलिस ने घेराबंदी कर ओडियन सिनेमा के पास से दो संदिग्धों को दबोच लिया, जिनकी पहचान शुभम और उसके भाई विशाल के रूप में हुई।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में शुभम ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह मानस मेहरोत्रा की दुकान पर पहले दो साल काम कर चुका था और अभी 20 दिन पहले ही दोबारा काम पर लगा था। पैसों की तंगी और लालच के चक्कर में उसने अपने भाई विशाल के साथ मिलकर 25 जनवरी की रात को चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी किया गया सामान उन्होंने ओडियन सिनेमा के पास एक खंडहर में छुपा दिया था।

बरामदगी और गिरफ्तारी

पुलिस ने दोनों भाइयों की निशानदेही पर खंडहर से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।

10 अदद डेल्टा एनर्जी मीटर

09 अदद बैटरी चार्जर

आरोपी शुभम (27 वर्ष) और विशाल (22 वर्ष) मूल रूप से बस्ती जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में लखनऊ के हुसैनगंज इलाके में किराए पर रह रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

Also Read: चिनहट में एलडीए का ‘महा-अभियान’: 80 बीघा में फैली 9 अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.