Lucknow News: काकोरी के बहरू गांव में अंबेडकर प्रतिमा खंडित, तैनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के काकोरी इलाके में गुरुवार सुबह उस वक्त तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब ग्रामीणों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त पाया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हालात को संभाला और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

काकोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बहरू में बुधवार की देर रात अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गांव में स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर दिया गया। गुरुवार सुबह जैसे ही ग्रामीणों की नजर क्षतिग्रस्त प्रतिमा पर पड़ी, इलाके में आक्रोश फैल गया।

सुबह 7:30 बजे मिली सूचना, मौके पर जुटे ग्रामीण

घटना की जानकारी सुबह करीब 7:30 बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही काकोरी थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक वहां 50 से 60 ग्रामीण इकट्ठा हो चुके थे और घटना को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे थे।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) काकोरी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने उत्तेजित ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि बाबा साहब का अपमान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के ठोस भरोसे के बाद ग्रामीण शांत हुए और अपने घरों को लौटे।

दोषियों की तलाश तेज, सीसीटीवी पर नजर

पुलिस ने इस मामले में मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें गांव और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है और कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं ताकि कोई दोबारा माहौल खराब करने की कोशिश न कर सके।

Also Read: सेंट्रल मार्केट में अवैध निर्माण पर ‘सुप्रीम’ प्रहार, मेरठ के व्यापारियों में मची खलबली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.