Lucknow News: ट्रक ने बाइक सवार राजमिस्त्री को कुचला, मौके पर ही मौत, ड्राइवर फरार
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आउटर रिंग रोड पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार राजमिस्त्री को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शख्स ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और आरोपी ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला।
मृतक की पहचान काकोरी के दूल्हागंज निवासी विनोद यादव (45) के रूप में हुई है। विनोद पेशे से राजमिस्त्री थे और रोज की तरह आज भी अपनी बाइक (UP 32 KM 9163) से काम पर निकले थे। जैसे ही वह किसान पथ स्थित उदित खेड़ा अंडरपास के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक (UP 38 T 4097) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी; डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही विनोद के घर में मातम छा गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। काकोरी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं। ट्रक को सीज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि आउटर रिंग रोड पर भारी वाहनों की रफ्तार पर कोई लगाम नहीं है। आए दिन होने वाले इन हादसों को रोकने के लिए निवासियों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और अंडरपास के पास पुख्ता सुरक्षा इंतजामों की मांग की है।
Also Read: बांग्लादेश में आंदोलनकारी नेता उस्मान हादी की मौत के बाद भड़की हिंसा, अखबारों के दफ्तर फूंके

