लखनऊ: लोडर वाहन से कुचलकर मजदूर की मौत, चालक गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र में कूड़ा उठाने वाले लोडर वाहन की चपेट में आकर मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

क्या है मामला

घटना 19 जून की रात करीब 9:40 बजे की है, जब एलएसए कंपनी के कूड़ा लोडर वाहन (UP 32 WN 2613) के चालक रवि शंकर बाजपेयी ने मैंट्रो सिटी चौकी के सामने बने कूड़ाघर में वाहन को आगे-पीछे करते समय लापरवाही दिखाई। उसी दौरान वहां मौजूद मजदूर राजू वर्मा वाहन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया था।

पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

20 जून को मृतक राजू वर्मा की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसका पति एलएसए कंपनी में सुपरवाइज़र अमित रावत के अधीन काम करता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि घटना से दो दिन पहले अमित रावत और राजू वर्मा के बीच विवाद और मारपीट हुई थी, जिसमें उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसी के आधार पर थाना महानगर में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा (धारा 105 बीएनएस) दर्ज किया गया।

जांच में खुलासा और गिरफ्तारी

पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे के वक्त लोडर वाहन चालक रवि शंकर को यह मालूम था कि कूड़ाघर में लोग मौजूद हैं, बावजूद इसके उसने वाहन को सावधानी के बिना चलाया, जिससे राजू वर्मा उसकी चपेट में आ गया। आज, 25 जून को महानगर पुलिस टीम ने अभियुक्त रवि शंकर बाजपेयी को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

नाम: रवि शंकर बाजपेयी

पिता का नाम: सियाराम बाजपेयी

निवासी: केसरीगंज, थाना लहरपुर, जिला सीतापुर

उम्र: 28 वर्ष

अभियोग: मुकदमा संख्या 142/25, धारा 105 बीएनएस, थाना महानगर, लखनऊ

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। अब आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Also Read: Lucknow: मड़ियांव पुलिस ने 4 किलो गांजा और 70 हजार नकद के साथ तीन तस्कर दबोचे, ई-रिक्शा भी जब्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.