पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ लखनऊ के अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, फूंका आतंकवाद का पुतला
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में देशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में आज लखनऊ में सेना कोर्ट के अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और हमले के पीड़ितों के लिए शोकसभा आयोजित की।
लखनऊ स्थित आर्म्ड फोर्सेस ट्रिब्यूनल में वकीलों ने विवेकानंद लाइब्रेरी में एकत्रित होकर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के महामंत्री गिरीश तिवारी, पूर्व अध्यक्ष डॉ. चेत नारायण सिंह, पूर्व महामंत्री विजय कुमार पांडे और वीर राघव चौबे समेत कई अधिवक्ताओं ने भाग लिया।
सभा के दौरान अधिवक्ताओं ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पाकिस्तानी आतंकवाद का पुतला दहन करते हुए केंद्र सरकार से आतंकवादियों और उनके संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने इस कायराना हमले को लेकर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अब इसका मुंहतोड़ जवाब देना समय की मांग है। उन्होंने सरकार से आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए निर्णायक कदम उठाने का आग्रह किया। इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने इस हमले में सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की गहन समीक्षा और जांच की भी मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों के परिवारों को न्याय दिलाना और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिए ऐसे हमलों की तह तक जाकर कठोर कार्रवाई करना जरूरी है।
Also Read: पहलगाम आतंकी हमले में मृत शुभम के पिता से बातकर भावुक हुए सीएम योगी, बोले- इस दुख की घड़ी में…

