लखनऊ: अवैध निर्माण पर LDA का कड़ा प्रहार, चौक और अमीनाबाद समेत 5 इलाकों में निर्माणाधीन इमारतें सील

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर अवैध निर्माणों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई। प्रवर्तन जोन-6 और जोन-7 की टीमों ने चौक, अमीनाबाद, हुसैनगंज, डालीगंज और नाका क्षेत्रों में कुल 06 अवैध व्यावसायिक एवं आवासीय इमारतों को सील कर दिया।

प्रवर्तन जोन-6: 05 निर्माणों पर कार्रवाई

जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह के नेतृत्व में टीम ने निम्नलिखित अवैध निर्माणों को सील किया।

अमीनाबाद (जंगलीगंज): मोहम्मद फैजान द्वारा लगभग 150 वर्गमीटर में बिना अनुमति कराया जा रहा आवासीय निर्माण।

डालीगंज (केसरीपुरम): पंकज कुमार व अन्य द्वारा 148 वर्गमीटर भूखंड पर अवैध व्यावसायिक भवन।

हुसैनगंज (कैंट रोड): राजेंद्र कुमार द्वारा 110 वर्गमीटर में निर्माणाधीन व्यावसायिक इमारत।

हैवलक रोड: इरफान द्वारा लगभग 80 वर्गमीटर क्षेत्रफल में किया जा रहा व्यावसायिक निर्माण।

नाका (ऐशबाग पुल): सरदार रंजीत सिंह व अन्य द्वारा सर्विस रोड पर लगभग 1000 वर्गमीटर के विशाल भूखंड पर किया जा रहा अवैध व्यावसायिक निर्माण।

लखनऊ: अवैध निर्माण पर LDA का कड़ा प्रहार, चौक और अमीनाबाद समेत 5 इलाकों में निर्माणाधीन इमारतें सील

प्रवर्तन जोन-7: चौक में बड़ी सीलिंग

जोनल अधिकारी माधवेश कुमार की टीम ने पुराने लखनऊ के व्यस्त इलाके में कार्रवाई की:

चौक (नादान महल रोड): हीना कौसर, शकील अहमद व अन्य द्वारा लगभग 418.21 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा था, जिसे टीम ने मौके पर पहुंचकर सील कर दिया।

न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई

प्राधिकरण के अनुसार, इन सभी निर्माणों के विरुद्ध विहित न्यायालय में वाद योजित किया गया था। पर्याप्त समय और नोटिस के बावजूद निर्माण कर्ताओं द्वारा वैध मानचित्र प्रस्तुत न करने के कारण न्यायालय ने सीलिंग के आदेश पारित किए थे, जिसका अनुपालन बुधवार को पुलिस बल की मौजूदगी में कराया गया।

Also Read: कुशीनगर: ‘मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी’ के उद्घोष के साथ निकली पद यात्रा, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

Get real time updates directly on you device, subscribe now.