Lucknow News: बीकेटी और गोसाईंगंज में 38 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त; 9 बिल्डिंग्स पर लगा ताला

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के प्रॉपर्टी डीलरों और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने बीकेटी और गोसाईंगंज इलाके में कार्रवाई करते हुए करीब 38 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर से ढहा दिया। इसके अलावा, मानकों के खिलाफ बनाई जा रही 9 व्यावसायिक इमारतों को भी सील कर दिया गया है।

कहां-कहां चला बुलडोजर?

गोसाईंगंज (बक्कास): जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के नेतृत्व में टीम ने ग्राम-बक्कास में दबिश दी। यहाँ राजेश यादव, सूबेदार सिंह और गोलू पंडित जैसे लोगों द्वारा करीब 18 बीघा जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग का जाल बिछाया जा रहा था, जिसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

बीकेटी (सरैया): जोनल अधिकारी विराग करवरिया की टीम ने बीकेटी के ग्राम-सरैया में मोर्चा संभाला। यहाँ अवधेश रावत, सुरेंद्र सिंह और साईंनाम प्रॉपर्टीज समेत अन्य द्वारा करीब 20 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। एलडीए की मशीनों ने अवैध बाउंड्रीवॉल और रास्तों को उखाड़ फेंका।

अवैध कमर्शियल निर्माणों पर ‘सील’ की चोट

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र और गोसाईंगंज के अन्य गांवों में नियमों को ताक पर रखकर 9 कमर्शियल भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। मनोज शुक्ला, हीरा लाल यादव और अन्य द्वारा बिना नक्शा पास कराए मानकों के विपरीत बनाई जा रही इन इमारतों को पुलिस बल की मौजूदगी में सील कर दिया गया है।

आम जनता के लिए चेतावनी

एलडीए अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि शहर के बाहरी इलाकों में सस्ते प्लॉट के लालच में न आएं। किसी भी कॉलोनी में निवेश करने से पहले यह जरूर जांच लें कि उसका नक्शा एलडीए से पास है या नहीं, वरना आपकी मेहनत की कमाई पर संकट आ सकता है।

Also Read: लखनऊ में एंटी करप्शन टीम का बड़ा एक्शन, घूस लेते कनिष्ठ सहायक को रंगे हाथों गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.