Lucknow: समिट बिल्डिंग के टकीला क्लब में परोसी जा रही थी नकली बारकोड वाली शराब, 7 गिरफ्तार

Lucknow Tequila Club Raid: लखनऊ (Lucknow) की समिट बिल्डिंग स्थित टकीला क्लब में आबकारी विभाग ने रविवार रात छापा मारकर नकली बारकोड वाली शराब बरामद की। टीम को क्लब से शराब की 23 बोतलें और बीयर के 53 कैन मिले। जांच में बोतलों के ढक्कन और बीयर के कैन पर लगे बारकोड नकली पाए गए। मामले में क्लब मालिक और मैनेजर समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

आबकारी इंस्पेक्टर अरविंद पाल बघेल की तहरीर पर विभूतिखंड पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। विभाग ने शराब और बीयर समेत बरामद सामान जब्त कर लिया।

कम कीमत पर खरीदकर बेचते थे शराब

आबकारी इंस्पेक्टर अरविंद पाल बघेल ने बताया कि रविवार रात वह तिवारीगंज में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें टकीला क्लब में अवैध शराब परोसे जाने की सूचना मिली। इसके बाद वह सेक्टर-5 के इंस्पेक्टर विवेक सिंह और अपनी टीम के साथ क्लब पहुंचे।

तलाशी के दौरान शराब की 23 बोतलें और बीयर के 53 कैन मिले। जांच में उन पर लगे बारकोड नकली पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें यह शराब बाजार के रेट से कम कीमत पर मिलती थी, जिससे अधिक मुनाफा होता था।

क्लब मालिक और मैनेजर समेत सात गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान क्लब मालिक मनीष मिश्रा, मैनेजर अनुराग सिंह, विशाल सिंह, अमित सिंह, सचिन वर्मा, सिमरन और राहुल के रूप में हुई है। आबकारी विभाग की शिकायत पर विभूतिखंड पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। विभूतिखंड इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

नकली बारकोड से शराब की पहचान पर सवाल

आबकारी इंस्पेक्टर अरविंद पाल बघेल के मुताबिक, बारकोड नकली होने से शराब असली है या नकली, इसकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। साथ ही शराब कहां से आई, इसकी जानकारी भी नहीं मिल पाती। उन्होंने बताया कि लैब में जांच के बाद ही शराब की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल बारकोड के जरिए धोखाधड़ी किए जाने की बात सामने आई है।

Also Read: Lakhimpur Kheri News: बेटे ने मां-बाप पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, इलाज के दौरान पिता की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.