Lucknow News: क्रिकेट महाकुंभ को तैयार लखनऊ, इकाना स्टेडियम में भारत-अफगानिस्तान का वनडे मुकाबला
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल के रोमांचक सीजन के बाद अब लखनऊ एक और बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी के लिए तैयार है।
भारत बनाम अफगानिस्तान वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 जून को इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए दोनों टीमें 14 जून को लखनऊ पहुंचेंगी।
छह जून से भारत और अफगानिस्तान के बीच एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जानी है। मैच को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है और इसके लिए टिकटों की बिक्री शुरू हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के अनुसार, टिकट ऑनलाइन District App के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, ऑफलाइन टिकटों की बिक्री 7 जून से शुरू होगी।

599 रुपये से शुरू हैं टिकट
इकाना स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के दौरान हमेशा दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिलती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए भारत–अफगानिस्तान वनडे मैच के टिकट की शुरुआती कीमत 599 रुपये रखी गई है, जबकि सबसे महंगे टिकट की कीमत 25 हजार रुपये तक है।
UPCA के CEO अंकित चटर्जी ने बताया कि शुरुआत में गेट नंबर-2 पर ऑफलाइन टिकट काउंटर लगाए जाएंगे।
मैच से पहले अभ्यास और तैयारियां
वनडे सीरीज के तहत पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद 14 जून को दोनों टीमें लखनऊ पहुंचेंगी।
एक दिन के विश्राम के बाद 15 और 16 जून को दोनों टीमों के अभ्यास सत्र होंगे। इस अहम मुकाबले को लेकर इकाना स्टेडियम में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
रोहित और विराट को देखने को उत्सुक फैंस
टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी विराट कोहली और रोहित शर्मा वनडे प्रारूप में खेलते नजर आ रहे हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में दोनों दिग्गजों को शामिल किया गया है। ऐसे में लखनऊ के क्रिकेट प्रेमी अपने पसंदीदा सितारों को मैदान पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
माना जा रहा है कि इस मुकाबले के दौरान इकाना स्टेडियम हाउसफुल रहेगा। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का कोई मुकाबला लखनऊ में नहीं हुआ था, जिससे रोहित शर्मा के प्रशंसक उन्हें खेलते नहीं देख पाए।
वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के मुकाबले में विराट कोहली शून्य पर आउट हो गए थे। ऐसे में ‘किंग कोहली’ के फैंस एक बार फिर उन्हें इकाना में दमदार प्रदर्शन करते देखने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
Also Read: गौतम गंभीर VS अजीत अगरकर! T20 कप्तान को लेकर नहीं बन रही बात

