Lucknow News: मड़ियांव से अगवा की गई नाबालिग की संदिग्ध मौत, पीपा पुल के पास मिला शव
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक नाबालिग लड़की अपने मौसा के साथ दवा लेने निकली थी, लेकिन रास्ते में कुछ अज्ञात लोगों ने उसके मौसा के साथ मारपीट की और लड़की को अगवा कर लिया। पुलिस ने जब मामले की तहकीकात शुरू की, तो परत दर परत चौंकाने वाले तथ्य सामने आने लगे।
सूचनाकर्ता के मौसा कुलदीप (निवासी मामा कॉलोनी) ने पुलिस को बताया कि वह अपनी भतीजी को दवा दिलाने के लिए मोटरसाइकिल से पीली कॉलोनी की ओर जा रहे थे। उनके मुताबिक, पीपा पुल के पास एक चार पहिया वाहन सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोका, गाली-गलौज की और उनकी भतीजी को जबरन गाड़ी में खींच ले गए।
सूचना मिलते ही मड़ियांव पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन जांच के दौरान कई ऐसी बातें सामने आईं जिन्होंने मौसा कुलदीप के दावों को संदिग्ध बना दिया। पुलिस को मौके पर कुलदीप अत्यधिक नशे की स्थिति में मिले। नदी के किनारे लड़की के कपड़े और चप्पल बहुत ही व्यवस्थित (तरीके से) रखे हुए मिले, जो किसी अपहरण की घटना में आमतौर पर नहीं होता।
पुलिस ने जब रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो उसमें कुलदीप अपनी भतीजी को ले जाते हुए तो दिखे, लेकिन उनके पीछे कोई भी संदिग्ध चार पहिया वाहन नजर नहीं आया। इससे अपहरण की थ्योरी पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। लड़की की तलाश के लिए रात में ही सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। गुरुवार सुबह करीब 9:00 बजे SDRF और फील्ड यूनिट की टीम ने नदी से नाबालिग का शव बरामद कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह साफ हो पाएगी।
Also Read: असम चुनाव: बीजेपी ने जारी की 88 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, जालुकबारी से ताल ठोकेंगे सीएम हिमंत

