लखनऊ: युवती को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी ‘सोनू’ को दबोचा

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक युवक ने अपने परिचित की युवती को धोखे से नशीला पदार्थ पिलाकर न केवल उसकी अस्मत लूटी, बल्कि उसका वीडियो बनाकर उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल भी किया। आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने पीड़िता की शादी टूटने की धमकी देकर उससे लाखों रुपये भी ऐंठे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संत शरण मौर्य उर्फ सोनू माती को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है रूह कंपा देने वाली यह घटना?

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी सोनू माती उसे अपने एक परिचित के घर ले गया था। वहां उसने पीड़िता को कोल्डड्रिंक पिलाई, जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई। आरोपी ने इस स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो बना लिए।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी कई बार पीड़िता के साथ जबरदस्ती करता रहा। हद तो तब हो गई जब पीड़िता की शादी तय हुई। आरोपी ने उसकी शादी तुड़वाने की धमकी दी और डर दिखाकर उससे 2 लाख रुपये नगद वसूल लिए। आरोप यह भी है कि आरोपी और उसके भांजे ने युवती के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।

बुधवार को मामला दर्ज होने के बाद मड़ियांव पुलिस की टीम सक्रिय हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जाल बिछाया और मुख्य आरोपी संत शरण मौर्य को केशव नगर मोड़ के पास पुरनिया ओवरब्रिज के नीचे से धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म (BNS 64-1), ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

इस मामले में पुलिस ने सोनू के अलावा उसके ड्राइवर शाबान अंसारी और भांजे प्रिंस मौर्य समेत कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मुख्य आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

Also Read: लखनऊ के सैरपुर में अवैध असलहे के साथ युवक गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद, बाइक भी सीज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.