Lucknow: मड़ियांव पुलिस ने 4 किलो गांजा और 70 हजार नकद के साथ तीन तस्कर दबोचे, ई-रिक्शा भी जब्त
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मंगलवार को अवैध गांजा बेचने वाले तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। इनसे लगभग 4 किलो गांजा, 70,190 रुपये नगद, और एक ई-रिक्शा बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल ये तस्करी में कर रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस टीम जब इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास संदिग्धों की चेकिंग में जुटी थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि तीन संदिग्ध युवक नीले रंग के ई-रिक्शा में बैठकर चैतन्य कोचिंग के सामने वाले पार्क में गांजा बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिना समय गंवाए तीनों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान
- बबलू अवस्थी (40 वर्ष) – मूल रूप से हरदोई निवासी, वर्तमान में दाउदनगर, फैजुल्लागंज में रहता है। पेशे से रिक्शा चालक है।
- विनय तिवारी (28 वर्ष) – नौबस्ता, लखनऊ का निवासी है और चाय की दुकान चलाता है।
- सतीश कुमार सिंह (49 वर्ष) – दाउदनगर, फैजुल्लागंज निवासी, पेशे से रिक्शा चालक है।
तीनों अभियुक्त काफी समय से मिलकर सस्ते दामों में गांजा लाकर, लखनऊ के विभिन्न इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इससे ये जल्दी मुनाफा कमा कर अपना खर्च चलाते थे।
पुलिस ने मौके से निम्न वस्तुएं बरामद कीं:
- 50 कागज की पुड़िया में पैक अवैध गांजा
- 3 पैकेट में कुल 3.980 किलोग्राम गांजा
- ₹70,190 नगद
- तस्करी में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा
इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और तीनों को न्यायालय में पेश किया गया। साथ ही, अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी अन्य जिलों से जांच की जा रही है।
मानवाधिकार दिशानिर्देशों का हुआ पालन
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी व पूछताछ के दौरान सुप्रीम कोर्ट और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया गया। पुलिस टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
Also Read: Lucknow: डीएम विशाख पहुंचे नादरगंज, जल निकासी और जाम की समस्याओं पर लिया जायजा

