लखनऊ: 29 साल पुराने मामले में फरार चल रहे वारंटी को पुलिस ने दबोचा, घर से ही हुई गिरफ्तारी

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की महानगर पुलिस टीम ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए काफी समय से कोर्ट की आंखों में धूल झोंक रहे एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया व्यक्ति, खालिद जमाल (उम्र 64 वर्ष), पिछले कई सालों से लखनऊ के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत में पेश नहीं हो रहा था, जिसकी वजह से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था।

क्या है पूरा मामला?

खालिद जमाल के खिलाफ साल 1997 में गोमतीनगर थाने में एक मुकदमा (अ0सं0 263/1997) दर्ज किया गया था। इस पुराने केस के संबंध में कोर्ट में सुनवाई चल रही थी, लेकिन खालिद लगातार तारीखों पर उपस्थित नहीं हो रहा था। कोर्ट ने इसकी गंभीरता को देखते हुए उसके खिलाफ सख्त वारंट जारी किया था।

घर की घेराबंदी कर हुई गिरफ्तारी

महानगर पुलिस को सूचना मिली कि अभियुक्त अपने घर पर ही मौजूद है। उप-निरीक्षक महेश कुमार शुक्ला और कांस्टेबल मनीष कुमार की टीम ने फौरन कार्रवाई करते हुए महानगर रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित उसके घर (मकान नं. 212/01) पर दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब उसे अदालत के समक्ष पेश कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने वाले अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Also Read: झांसी में 34 लाख का गांजा बरामद, ट्रक में छिपाकर ओडिशा से ला रहा था खेप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.