लखनऊ के मलिहाबाद में सड़क हादसे में व्यापारी नेता की पत्नी की मौत, जर्जर सड़क पर उठे सवाल

Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद में सड़क हादसे में व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता की पत्नी स्वाति गुप्ता की मौत हो गई। वह अपने बड़े बेटे के साथ स्कूटी से बच्चों को लेने गौशाला रोड स्थित सेट मैरी स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गईं। उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

स्कूटी से गिरने पर सिर में आई गंभीर चोट

जानकारी के मुताबिक, स्वाति गुप्ता रोज की तरह बच्चों को स्कूल से लेने जा रही थीं। उनके साथ उनका बड़ा बेटा भी था। गौशाला रोड पर स्कूटी का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्वाति को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने के संबंध में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया।

एक साल से जर्जर है गौशाला मार्ग, व्यापारियों में नाराजगी

हादसे के बाद गौशाला मार्ग की खराब हालत को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि गोपेश्वर गौशाला की ओर जाने वाली सड़क एक साल से अधिक समय से जर्जर है। करीब एक किलोमीटर लंबे मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी होती है।

इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग गौशाला में बने मंदिर में दर्शन करने जाते हैं। व्यापारियों के मुताबिक, सड़क की मरम्मत और निर्माण को लेकर अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

व्यापारियों का आरोप है कि सड़क की खराब हालत के कारण इस तरह के हादसे होते रहते हैं। स्वाति गुप्ता की मौत के बाद एक बार फिर सड़क की मरम्मत की मांग उठ रही है।

Also Read: ‘एक कचौड़ी दो समोसा’, भाजपा पर अब नहीं भरोसा, लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर लगी होर्डिंग 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.