लखनऊ: शकुंतला विश्वविद्यालय परिसर की बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में भीषण आग, लाखों का नुकसान
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के पारा क्षेत्र स्थित शकुंतला विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर और उपकरण जलकर राख हो गए, जिससे करीब ₹12 लाख का नुकसान हुआ है। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग पर काबू पाने में आई बाधाएं
मंगलवार रात करीब 9:30 बजे विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों ने बैंक से आग की लपटें उठती देखीं और तत्काल दमकल को सूचना दी। आलमबाग के एफएसओ धर्मपाल सिंह तीन दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुँचे। बैंक बंद होने के कारण उन्हें आग बुझाने में शुरुआती बाधाओं का सामना करना पड़ा।
दमकलकर्मियों को खिड़कियों के शीशे तोड़कर आग बुझानी पड़ी और बिजली कनेक्शन कटवाया गया। भीषण धुएं के कारण कुछ कर्मियों की तबीयत बिगड़ने पर, टीम ने ब्रीदिंग ऑपरेटर सूट पहनकर काम जारी रखा और लगभग दो घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
12 लाख का नुकसान, नगदी सुरक्षित
बैंक मैनेजर हिमांशु ने बताया कि आग की इस घटना में बैंक को करीब ₹12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सरकारी दस्तावेज, कंप्यूटर और अन्य प्लास्टिक उपकरण जल गए हैं। मैनेजर के अनुसार, स्ट्रॉन्ग रूम में रखी लगभग छह लाख रुपये की नकदी जलने से बच गई है।
शुरुआती जाँच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। एफएसओ धर्मपाल सिंह ने बताया कि आग को समय रहते बैंक परिसर से बाहर नहीं फैलने दिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे की असल वजह जानने के लिए टीम गठित की जाएगी।
तीन दिन प्रभावित रहेगा बैंक का काम
बैंक मैनेजर हिमांशु ने खाताधारकों को जानकारी दी है कि आग की घटना के कारण बैंक का काम अगले तीन दिन तक प्रभावित रहेगा। खाताधारकों के सभी काम आसपास की शाखाओं से किए जाएंगे।

