Lucknow: कृष्णानगर क्षेत्र में लगी भीषण आग, 30 से ज्यादा झोपड़ियां जलकर खाक
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के कृष्णानगर क्षेत्र स्थित ओशो नगर कनौसी की झोपड़ी बस्ती में शुक्रवार दोपहर एक बार फिर आग ने कहर बरपा दिया। करीब डेढ़ महीने पहले जहां सैकड़ों झोपड़ियां आग की भेंट चढ़ चुकी थीं, वहीं अब दोबारा लगी आग में 30 से ज्यादा झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया और राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सबसे पहले एक या दो झोपड़ियों से आग की लपटें उठती नजर आईं, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक आग ने दो दर्जन से अधिक झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया था।
दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर
झोपड़ियों में रखे घरेलू सिलेंडरों के फटने से स्थिति और भी भयावह हो गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की पांच गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं, जिसमें मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल के नेतृत्व में टीम ने मोर्चा संभाला। कृष्णानगर थाना प्रभारी पीके सिंह, आलमबाग FSO धर्मपाल सिंह और सरोजिनी नगर FSO सुमित सिंह भी मौके पर मौजूद रहे।
दमकल कर्मियों ने हौज लाइन बिछाकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई। अधिकारियों ने पुष्टि की कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में करीब डेढ़ माह पहले भी इसी तरह की भीषण आग लगी थी, जिसमें सौ से अधिक झोपड़ियां जलकर राख हो गई थीं। उस समय बस्ती बसाने वाले कथित ठेकेदार के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। बावजूद इसके बस्ती में न तो सुरक्षा उपाय किए गए और न ही स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया।
स्थानीय लोगों में इस बार फिर आग लगने को लेकर डर और नाराजगी दोनों देखने को मिली। प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए उचित पुनर्वास और सुरक्षा इंतज़ाम किए जाएं।
Also Read: Lucknow: ‘रील’ का खुमार बना हादसा, लोहिया चौराहे पर बेकाबू कार नाले में पलटी

