लखनऊ: मटियारी चौराहे पर अवस्थी स्वीट हाउस के बेसमेंट में भीषण आग, दीवार तोड़कर बचाई गई दो लोगों की जान

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के मटियारी चौराहे स्थित अवस्थी स्वीट हाउस के बेसमेंट में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बेसमेंट में फंसे दो कर्मचारियों को पुलिस और दमकल कर्मियों ने दीवार तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। यह घटना रात के समय हुई, जिसके कारण बड़ा हादसा होने की आशंका थी।

शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका

स्थानीय लोगों ने बताया कि बेसमेंट से अचानक धुआं निकलते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा परिसर घने धुएं से भर गया। आग की लपटें ऊपरी मंजिल की ओर बढ़ने लगीं, जिससे भवन में रह रहे परिवारों में हड़कंप मच गया और लोग बच्चों को लेकर घरों से बाहर भागे।

सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। चिनहट थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। बेसमेंट में फंसे दो लोगों को धुएं और आग के कारण बाहर निकालना मुश्किल हो गया था। दमकल कर्मियों ने सूझबूझ से मकान की दीवार तोड़कर अंदर का रास्ता बनाया और दोनों को सकुशल बाहर निकाला। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल ने बताया कि आग लगने का शुरुआती कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विद्युत विभाग से भी जांच कराई जाएगी।

भारी नुकसान और यातायात प्रभावित

राहत की बात रही कि किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई। हालांकि, आग से बेसमेंट में रखा सामान जलकर राख हो गया और दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है। इंस्पेक्टर चिनहट ने बताया कि आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि आसपास की दुकानों को भी चपेट में लेने लगी थीं।

अचानक लगी आग और अफरा-तफरी के कारण मटियारी चौराहे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने तुरंत एक तरफ का रास्ता बनाकर ट्रैफिक जाम खुलवाया। दमकल विभाग ने बताया कि क्षति का आकलन किया जा रहा है, और स्वीट हाउस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

Also Read: धर्म बदलने के बाद SC/ST आरक्षण लाभ लेना ‘संविधान के साथ धोखा’: इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.