लखनऊ में मौलाना की हत्या की साजिश के 3 आरोपी 24 घंटे में जेल से बाहर, वीडियो वायरल

Lucknow News: लखनऊ में मौलाना इरफान अहमद रिजवी की हत्या की साजिश के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपी जेल से बाहर आ गए। पुलिस के मुताबिक फरहान सिद्दीकी, सोहेल अहमद सिद्दीकी और अमन कुरैशी को ACJM-3 कोर्ट से जमानत मिली। रिहाई के बाद समर्थकों ने तीनों का माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद तीनों तीन गाड़ियों के काफिले के साथ घर पहुंचे। आरोपियों ने इसका वीडियो फेसबुक पर अपलोड किया। वीडियो में ‘अब अपनी क्या तारीफ करूं… ऊपर वाले से मैं डरूं’ गाना बज रहा है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक जमानत से पहले केस डायरी या रिपोर्ट नहीं मांगी गई। पुलिस का पक्ष रखने के लिए नोटिस भी नहीं दिया गया और बेल बॉन्ड का सत्यापन भी नहीं हुआ। मामले में तीन अन्य आरोपी अभी जेल में हैं।

2 लाख में शूटर हायर करने का आरोप

हजरतगंज पुलिस ने चोरी की पैशन प्लस बाइक के साथ मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद जमीर को पकड़ा था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि मौलाना की हत्या के लिए उन्हें दो लाख रुपये मिलने थे। उन्हें पिस्टल और लक्ष्य की फोटो दी गई थी। दोनों ने अमन कुरैशी का नाम बताया।

पुलिस ने पांच टीमें बनाकर अमन की तलाश की और 21 अगस्त को रात 2:15 बजे लक्ष्मण मेला पार्क से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अमन ने सोहेल और फरहान पर शूटर उपलब्ध कराने के लिए कहने का आरोप लगाया।

6 करोड़ की प्रॉपर्टी विवाद में साजिश

पुलिस के अनुसार, 6 करोड़ रुपये की संपत्ति के विवाद में मदरसा जामिया अलनूर अल सलामिया के मैनेजर बिलाल हाशमी ने हत्या की साजिश रची थी। पुलिस का दावा है कि सोहेल और फरहान ने दो लाख रुपये में दो शूटर तय किए थे। पुलिस ने आरोपियों से पिस्टल, पांच कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की।

ADCP जितेंद्र दुबे ने कहा कि जमानत कोर्ट का आदेश है और इस पर टिप्पणी करना मुश्किल है। पुलिस अपनी जांच कर रही है। फरहान पर 8 और सोहेल पर 6 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अमन का आपराधिक रिकॉर्ड पता नहीं चल सका है।

Also Read: कानपुर में गंगा बैराज के पास ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत दो की मौत 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.