Lucknow News: महापौर ने अलीगंज में किया पोर्टेबल कॉम्पैक्टर स्टेशन का उद्घाटन, अब खुले में नहीं दिखेगा कचरा
Lucknow News: नवाबों के शहर लखनऊ को स्वच्छता रैंकिंग में नंबर-1 बनाने की कोशिशें अब धरातल पर दिखने लगी हैं। शनिवार को अलीगंज सेक्टर-एल (भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड) स्थित यादव लोहा भंडार परिसर में पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (PCTS) का शानदार उद्घाटन किया गया। शहर की महापौर सुषमा खर्कवाल ने विधिवत रूप से इस आधुनिक स्टेशन की शुरुआत की।
अक्सर देखा जाता है कि घरों से निकला कचरा बड़े डंपिंग पॉइंट्स पर खुले में पड़ा रहता है, जिससे दुर्गंध और बीमारियां फैलती हैं। इस नई तकनीक से कई बदलाव आएंगे। अब कचरा खुले में नहीं फेंका जाएगा, बल्कि सीधे इन कॉम्पैक्टर मशीनों में जाएगा। कचरा दबकर (कंप्रेस होकर) बंद कंटेनरों में रहेगा, जिससे आसपास बदबू नहीं फैलेगी। कचरे का परिवहन अब ज्यादा व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से होगा।

उद्घाटन के दौरान महापौर ने कहा, हमारा लक्ष्य लखनऊ को कचरा मुक्त बनाना है। इन आधुनिक स्टेशनों के आने से सड़कों पर कचरे का बिखराव बंद होगा। वहीं नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि यह पूरी परियोजना PPP मॉडल पर चल रही है। इसके तहत शहर के 5 जोनों में डोर-टू-डोर कलेक्शन से लेकर नालियों की सफाई तक का जिम्मा ‘लखनऊ स्वच्छता अभियान’ (LSA) को दिया गया है।

परियोजना की प्रगति एक नजर में
कुल लक्ष्य: शहर भर में कुल 32 ऐसी साइटें बनाने का प्रस्ताव है।
ताजा स्थिति: अब तक 21 साइटें (8 प्रथम चरण और 13 द्वितीय चरण की) शुरू हो चुकी थीं। अलीगंज की यह 14वीं साइट (द्वितीय चरण की) है।
अगला पड़ाव: बाकी बची 10 साइटों को फरवरी-मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मशीनरी: इस स्टेशन पर 20 घन मीटर क्षमता के दो हाइड्रोलिक कॉम्पैक्टर लगाए गए हैं, जिन्हें उठाने के लिए भारत बेंज और हाइवा जैसे शक्तिशाली ट्रकों का इस्तेमाल होगा।
Also Read: ‘मनरेगा’ का नाम बदलने पर CWC बैठक में भड़के राहुल गांधी, बोले- देश में ‘वन मैन शो’ जारी

