लखनऊ: माइलस्टोन ग्लोबल स्कूल में वार्षिकोत्सव ‘प्रतिबिम्ब-4.O’ की धूम, नन्हे कलाकारों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के माइलस्टोन ग्लोबल स्कूल में शनिवार को खुशियों और प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। स्कूल के चौथे वार्षिकोत्सव ‘प्रतिबिम्ब-4.O’ में नन्हे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि शिक्षा और संस्कारों का संदेश भी दिया। इस खास मौके पर विद्यालय परिसर विद्यार्थियों और अभिभावकों के उत्साह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री जे.पी.एस. राठौर और अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

मंच पर उतरीं मनमोहक प्रस्तुतियां

वार्षिकोत्सव के दौरान छात्रों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद बच्चों ने ‘एजुकेशन थीम’, ‘हेल्दी वर्सेज जंक फूड’, और ‘सोशल मीडिया के प्रभाव’ जैसे विषयों पर लघु नाटिकाएं पेश कर समाज को जागरूक किया। ‘रक्त चरित्र’, ‘यूनिटी एंड डाइवर्सिटी’ और ‘पिरामिड’ जैसे प्रदर्शनों ने दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। वहीं ‘यूपी वाला ठुमका’ और ‘बागवान’ जैसी प्रस्तुतियों ने माहौल को भावुक और खुशनुमा बना दिया।

होनहार छात्र सौरभ यादव सम्मानित

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण दिल्ली में आयोजित ‘अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड’ में पुरस्कार जीतने वाले छात्र सौरभ यादव का सम्मान रहा। मुख्य अतिथि जे.पी.एस. राठौर ने सौरभ को मेडल और सर्टिफिकेट प्रदान करते हुए उसकी उपलब्धि की सराहना की और अन्य छात्रों को भी इससे प्रेरणा लेने को कहा।

मुख्य अतिथि जे.पी.एस. राठौर ने अपने संबोधन में गुरु की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने “गुरु गोविंद दोऊ खड़े” दोहे के माध्यम से शिक्षकों के सम्मान की बात कही। छात्रों को प्रेरित करते हुए उन्होंने गुरु द्रोणाचार्य और अर्जुन की ‘चिड़िया की आंख’ वाली कहानी सुनाई और कहा कि सफलता के लिए एकाग्रता (Focus) सबसे जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहें ताकि उनका भविष्य सुगम हो सके।

संस्कारों के बिना शिक्षा अधूरी

विद्यालय के चेयरमैन वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का असली उद्देश्य केवल डिग्रियां हासिल करना नहीं, बल्कि अच्छे संस्कारों को अपनाना है। उन्होंने छात्रों से अनुशासन और मेहनत को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने विद्यालय की प्रगति में सहयोग देने के लिए सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एमएलसी अवनीश सिंह, विधायक योगेश शुक्ला, विधायक जयदेवी कौशल, निदेशक जीतेन्द्र कुमार सिंह, प्रबंधक तृष्णा सिंह, वरुण प्रताप सिंह और प्रधानाचार्या रोहिणी मिश्रा समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Also Read: ‘AI से न डरें, बच्चों को तकनीक में बढ़ाएं आगे’, बुलंदशहर में जयंत चौधरी ने दिया तरक्की का मंत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.