Lucknow : सिलेंडर ब्लास्ट से लगी आग में 50 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक, मचा हाहाकार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में श्याम विहार कॉलोनी में सोमवार सुबह एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई, जिससे 50 से ज्यादा झोपड़ियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन तब तक बस्ती में मौजूद सभी झोपड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं। झुग्गियों में रखा गृहस्थी का सारा सामान भी आग की चपेट में आ गया।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन बड़ी संख्या में लोग बेघर हो गए हैं। राहत और पुनर्वास के लिए जिला प्रशासन ने मौके पर टीम भेजी है और प्रभावित लोगों को अस्थायी आश्रय की व्यवस्था कराई जा रही है।
इलाके में फैली दहशत
अग्निकांड के कारणों की जांच की जा रही है और प्राथमिक रूप से शॉर्ट सर्किट को इसका कारण माना जा रहा है। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली। आग की लपटों से सड़क के दूसरे ओर बने एक घर का भी कुछ सामान जल गया। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोग घरों से निकलकर सड़क पर आ गए। कुछ लोग छतों पर चढ़ गए।
बताया गया कि झुग्गी में रहने वाले लोग सुबह घर में खाना बना रहे थे। इसी समय एक छोटे सिलेंडर (पांच किग्रा) में आग लग गई। आग छप्पर में फैल गई। तेज हवा के कारण एक के बाद एक झुग्गी में फैलती गई। आग से कई और घरों के सिलेंडर ब्लास्ट हो गए। ब्लास्ट में 50 से ज्यादा झुग्गियों में रहने वाले लोगों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। परिवार के लोग आंखों के सामने गृहस्थी जलती देख बिलख उठे। लोग उन्हें ढांढस बंधाते रहे।
घंटों की मशक्कत के बाद करीब-करीब आग पर काबू पा लिया गया है। कुछ सामान है जिसमें अभी आग धधक रही है। उसे बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।
Also Read: पहलगाम आतंकी हमले को लेकर दिल्ली में बड़ी बैठक, आज PM मोदी से मिलेंगे राजनाथ सिंह

