लखनऊ नगर निगम को मिला नया उपाध्यक्ष, BJP पार्षद चरणजीत गांधी को मिली जिम्मेदारी

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ नगर निगम में आज हुई कार्यकारिणी बैठक में भाजपा पार्षद चरणजीत गांधी को उपाध्यक्ष चुना गया है। इसकी घोषणा खुद मेयर सुषमा खर्कवाल ने की। चरणजीत गांधी मोतीलाल नेहरू वार्ड से लगातार दूसरी बार पार्षद चुने गए हैं।

खराब व्यवस्था पर पार्षदों का हंगामा

बैठक के दौरान, नगर निगम की खराब व्यवस्था को लेकर हंगामा भी हुआ। कार्यकारिणी सदस्य भृगुनाथ शुक्ला ने शहर में जल निकासी, खराब सड़कों, टूटी स्ट्रीट लाइट्स और सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने मेयर से कहा कि वीआईपी इलाकों तक की सड़कें खस्ताहाल हैं और अधिकारी काम में लापरवाही बरत रहे हैं। इस बात पर उनकी मेयर से तीखी बहस भी हुई।

मेयर ने दिया जवाब

मेयर सुषमा खर्कवाल ने पार्षदों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि आसियान देशों के संगठन ने भी लखनऊ नगर निगम की सफाई व्यवस्था की तारीफ की है, फिर भी पार्षद सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने यह भी साफ किया कि नगर निगम का सदन कब चलेगा, यह उनके अधिकार क्षेत्र में आता है। उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद, कार्यकारिणी की यह पहली बैठक थी जिसमें शहर के विकास और योजनाओं को लेकर कई प्रस्ताव पेश किए गए।

इस मौके पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त  ललित कुमार, नम्रता सिंह, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, चीफ इंजीनियर, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, समस्त जोनल अधिकारी, अभियंता, नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी तथा नगर निगम की कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Also Read: लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ी गई ब्लैकलिस्टेड थाई नागरिक, फर्जी पासपोर्ट से कर रही थी यात्रा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.