लखनऊ नगर निगम का बड़ा एक्शन: जोन-7 में टैक्स न भरने वाली 52 दुकानें सील
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में बकाया हाउस टैक्स (गृह कर) की वसूली को लेकर नगर निगम अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बुधवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर जोन-7 इलाके में एक बड़ा सीलिंग अभियान चलाया गया। बार-बार नोटिस देने के बाद भी टैक्स जमा न करने वाले 52 कमर्शियल प्रतिष्ठानों पर नगर निगम की टीम ने ताले जड़ दिए।
बीबीडी के पास साईं मार्केट पर चला नगर निगम का डंडा
नगर निगम की टीम सबसे पहले बीबीडी कॉलेज के ठीक सामने स्थित साईं मार्केट पहुंची। यहां जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई की गई। इस मार्केट की कुल 33 कमर्शियल दुकानों को सील कर दिया गया। इन दुकानों पर लगभग 14 लाख रुपये का हाउस टैक्स बकाया था, जिसे लंबे समय से जमा नहीं किया गया था।

इंदिरा नगर और कल्याणपुर में भी हुई तालाबंदी
साईं मार्केट के अलावा जोन-7 के अन्य वार्डों में भी नगर निगम का सख्त रुख देखने को मिला। टीम ने अलग-अलग इलाकों में 19 और दुकानों को सील किया।
कहां हुई कार्रवाई: इंदिरा नगर (कैलाशकुंज ब्लॉक-ए), कंचना बिहारी मार्ग और कल्याणपुर जैसे इलाकों में दुकानों पर सील लगाई गई। इन 19 दुकानों पर 10 लाख रुपये से अधिक का कर बकाया था।
कुल आंकड़ा: बुधवार को पूरे जोन में कुल 52 कमर्शियल दुकानें सील की गईं।
‘या तो टैक्स भरें या सीलिंग झेलें’
जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन व्यापारियों ने नोटिस के बावजूद टैक्स जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम ने सभी संपत्ति स्वामियों से अपील की है कि वे किसी भी दंडात्मक कार्रवाई या सीलिंग से बचने के लिए समय रहते अपना बकाया टैक्स जमा कर दें।
Also Read: वाराणसी में ‘नमो शक्ति रथ’ का आगाज़: स्तन कैंसर के खिलाफ बड़ी जंग, मुफ्त होगी जांच

