लखनऊ: बीबीडी थाना क्षेत्र में हत्या का खुलासा, बेटियों को बचाने के लिए मां ने उठाया कदम, महिला गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन-पूर्वी अंतर्गत थाना बीबीडी (BBD) पुलिस टीम ने एक हत्या की सनसनीखेज घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने चाकू मारकर हत्या करने वाली एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी दो नाबालिग पुत्रियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
घटना और खुलासा
आपको बता दें कि सोमवार को वादी नरेंद्र (मृतक सूर्यप्रताप सिंह के पिता) ने सूचना दी थी कि उनके पुत्र सूर्यप्रताप सिंह (57 वर्ष) की रत्ना देवी और उसकी दो बेटियों (उम्र 15 वर्ष और 17 वर्ष) द्वारा शरीर और गले पर चाकू से वार कर हत्या कर दी गई है। वादी की तहरीर पर थाना बीबीडी में मु0अ0सं0 302/2025 (धारा 103(1) बीएनएस) पंजीकृत किया गया।
प्रभारी निरीक्षक राम सिंह के कुशल नेतृत्व में थाना बीबीडी पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को मुख्य अभियुक्त रत्ना देवी को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने उसकी दो नाबालिग बेटियों को संरक्षण में ले लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल 2 चाकू भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में हत्या का कारण
गिरफ्तार अभियुक्ता रत्ना देवी ने पूछताछ में घटना का कारण बताते हुए कहा कि मृतक सूर्यप्रताप सिंह उनकी बेटियों को मारा-पीटा करता था, और सबसे गंभीर बात यह थी कि वह गलत करने की नीयत से बड़ी बेटी से छेड़छाड़ कर रहा था। अभियुक्ता ने बताया कि उसी को बचाने के लिए उन्होंने अपनी बेटियों के साथ मिलकर सूर्यप्रताप की चाकू मारकर हत्या कर दी। अभियुक्ता के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि नाबालिग पुत्रियों को बाल कल्याण नियमों के तहत पुलिस संरक्षण में रखा गया है।
Also Read: बरेली: हाफिजगंज में युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, पत्नी और पति गिरफ्तार

