Lucknow News: नगराम हत्याकांड का खुलासा, पुरानी रंजिश में लोहे की पाइप से की थी ओमप्रकाश की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Lucknow News: राजधानी के नगराम थाना क्षेत्र के गुलालखेड़ा गांव में झाड़ियों के पीछे मिले ओमप्रकाश के शव के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और सर्विलांस टीम ने हत्या के आरोपी अरविन्द कुमार उर्फ अरुण (20 वर्ष) को अचलीखेड़ा बैराज के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का पाइप और खून से सनी पैंट भी बरामद कर ली है।
23 जनवरी को गुलालखेड़ा गांव के बाहर इंदिरा नहर की पटरी के नीचे झाड़ियों में ओमप्रकाश का शव मिला था। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने 5 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। डीसीपी (दक्षिण) के निर्देश पर गठित टीमों ने जब तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद ली, तो सुई गांव के ही अरविन्द पर जाकर टिकी।

नशे में देख जागा पुराना बदला
पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह रोंगटे खड़े कर देने वाली है। आरोपी अरविन्द नहर की पटरी पर अंडे का ठेला लगाता है। 22 जनवरी की रात ओमप्रकाश अपने दोस्तों के साथ वहां शराब पीने और अंडे खाने आया था। नशे में धुत होने के कारण ओमप्रकाश घर नहीं जा सका और वहीं जमीन पर लेट गया। उसके दोस्त उसे छोड़कर चले गए और अरविन्द भी अपना ठेला लेकर घर चला गया।
अरविन्द के मन में दो महीने पुरानी एक लड़ाई की खुन्नस थी। उसे लगा कि बदला लेने का यह सबसे सही मौका है क्योंकि ओमप्रकाश अकेला और बेसुध पड़ा था। अरविन्द अपने घर से लोहे की एक पाइप लेकर वापस आया। वह झाड़ियों के रास्ते छिपते हुए वहां पहुँचा और ओमप्रकाश को पटरी से नीचे झाड़ियों में खींच ले गया। वहां उसने पाइप से ओमप्रकाश के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Also Read: Lucknow News: कर्तव्य पथ पर विशेष अतिथि बनेंगी यूपी की 14 लखपति दीदी

