लखनऊ: गोमती नगर विस्तार में बनेंगे ‘नर्मदा’ लग्जरी अपार्टमेंट; 1.4 करोड़ से शुरू होंगे फ्लैट्स, कल से रजिस्ट्रेशन शुरू
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की ‘शान’ कहे जाने वाले गोमती नगर विस्तार में रहने का सपना देख रहे लोगों के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने बड़ा तोहफा दिया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में ‘नर्मदा अपार्टमेंट’ के निर्माण की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस हाई-राइज प्रोजेक्ट में सुविधाओं और भव्यता का खास ख्याल रखा गया है।

कल से शुरू होगा पंजीकरण
अगर आप इन लग्जरी फ्लैट्स को बुक करना चाहते हैं, तो समय बहुत कम है। पंजीकरण की खिड़की 24 जनवरी से 23 फरवरी 2026 तक खुली रहेगी। बुकिंग पूरी तरह पारदर्शी होगी और एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही की जा सकेगी।
पंजीकरण शुल्क: कुल कीमत का 5% (आरक्षित वर्ग के लिए 2.5%)।
आवंटन प्रक्रिया: लॉटरी सिस्टम के जरिए।

कैसा होगा आपका सपनों का घर?
लगभग 12,000 वर्गमीटर में फैला यह प्रोजेक्ट अपनी ऊंचाई और सुविधाओं के लिए जाना जाएगा।
टावर: 90 मीटर ऊंचे कुल 3 शानदार टावर बनेंगे।
फ्लैट्स: लगभग 2100 वर्गफिट के 300 लग्जरी फ्लैट्स (3BHK + स्टडी)।
पेंट हाउस: खास पसंद के लिए 4000 वर्गफिट के 12 भव्य पेंट हाउस भी होंगे।
सुविधाएं: जिम, स्विमिंग पूल, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, 500 से अधिक वाहनों की पार्किंग और कैंपस के भीतर ही शॉपिंग के लिए दुकानें होंगी।
कीमत और भुगतान की शर्तें
एलडीए ने इस प्रोजेक्ट की शुरुआती कीमत 1.4 करोड़ रुपये तय की है, जबकि पेंट हाउस 2.8 करोड़ रुपये से शुरू होंगे। आवंटन के बाद खरीदारों को 36 महीनों की आसान किश्तों में भुगतान की सुविधा मिलेगी। वहीं, जो लोग 45 से 90 दिनों के भीतर पूरा पैसा जमा करेंगे, उन्हें 4 से 6 प्रतिशत तक की विशेष छूट भी दी जाएगी।

शहर के मुख्य आकर्षणों के बिल्कुल करीब
नर्मदा अपार्टमेंट की सबसे बड़ी खूबी इसकी लोकेशन है। यह जी-20 रोड पर शहीद पथ के बिल्कुल करीब होगा। यहां से इकाना स्टेडियम, प्लासियो मॉल और पुलिस मुख्यालय जैसी प्रमुख जगहें चंद कदमों की दूरी पर होंगी।
मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह के अनुसार, इस 330 करोड़ के प्रोजेक्ट को 3 साल में पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि अधिकतम 5 साल के भीतर आवंटियों को चाबियां सौंप दी जाएंगी।
प्रमुख जानकारी
रजिस्ट्रेशन: 24 जनवरी से 23 फरवरी 2026।
प्रोजेक्ट लागत: ₹330 करोड़।
फ्लैट साइज: 2100 वर्गफिट (लग्जरी)।
Also Read: हापुड़: एंटी-करप्शन टीम की कार्रवाई, 1 लाख की रिश्वत लेते जिला उद्यान विभाग का कर्मचारी गिरफ्तार

