लखनऊ न्यू ईयर अलर्ट, हजरतगंज में कल शाम से गाड़ियों की नो एंट्री, 14 रूटों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

Lucknow News: नवाबों के शहर लखनऊ के दिल हजरतगंज में नए साल की पूर्व संध्या पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार शाम से हजरतगंज की मुख्य सड़कों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वाहन केवल मल्टीलेवल पार्किंग तक ही जा सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता की सुविधा के लिए 14 प्रमुख रास्तों पर डायवर्जन लागू किया है।

प्रमुख रूट और वैकल्पिक रास्ते

हजरतगंज और मेफेयर की ओर: हजरतगंज चौराहे से अब आप अल्का या मेफेयर तिराहे की ओर नहीं जा पाएंगे। इन वाहनों को सप्रू मार्ग, डनलप तिराहा और सहारागंज होकर संकल्प वाटिका की तरफ भेजा जाएगा।

महानगर और गोमतीनगर से: अगर आप सिकंदरबाग की तरफ से आ रहे हैं, तो चिरैयाझील के बजाय सप्रू मार्ग और डनलप तिराहा होकर सहारागंज पार्किंग तक जा सकेंगे।

चारबाग से आने वाले: चारबाग से हजरतगंज होकर परिवर्तन चौक जाने वाले वाहन अब हुसैनगंज, ओडियन सिनेमा और कैसरबाग होकर निकलेंगे।

लालबाग क्षेत्र: लालबाग चौराहे से मेफेयर की ओर जाने वाली गाड़ियां अब कैंपर रोड और कैपिटल तिराहा होकर गुजरेंगी। नवल किशोर रोड से आने वाले वाहन बैंक ऑफ इंडिया के बजाय आयकर भवन की ओर मोड़े जाएंगे।

रोडवेज और सिटी बसें: महानगर की तरफ से आने वाली बसें अब हजरतगंज नहीं आएंगी। इन्हें संकल्प वाटिका, गांधी सेतु (1090) और बंदरियाबाग की ओर डायवर्ट किया गया है।

अयोध्या रोड से कैसरबाग: इस रूट की बसें सिकंदरबाग और हजरतगंज के बजाय बालू अड्डा, बैकुंठ धाम और लक्ष्मण मेला बंधा रोड होकर केडी सिंह बाबू स्टेडियम और परिवर्तन चौक पहुंचेंगी।

चारबाग बसें: चारबाग से आने वाली बसें केकेसी तिराहा, कैंट या हुसैनगंज होकर बापू भवन और डीएसओ चौराहे की ओर जाएंगी।

इन बातों का रखें खास ख्याल

हजरतगंज की मुख्य मार्केट में पैदल चलने वालों की भीड़ को देखते हुए नो-व्हीकल जोन बनाया गया है।

गाड़ियों को पार्क करने के लिए केवल मल्टीलेवल पार्किंग का ही इस्तेमाल करें, सड़क पर गाड़ी खड़ी करने पर क्रेन उठा ले जाएगी।

कैंट इलाके में अब्दुल हमीद चौराहे से जाने वाले वाहन अब अटल रोड और गुरुद्वारा चौराहा होकर गुजरेंगे।

Also Read: बरेली: 7 दिनों से जारी किसानों का धरना समाप्त, एसडीएम और भाकियू के बीच 4 बिंदुओं पर बनी सहमति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.