Lucknow News: लखनऊ एयरपोर्ट पर मस्कट जा रहे यात्री के पास जिंदा कारतूस मिला, सीआईएसएफ ने हिरासत में लिया

Lucknow News: चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब मस्कट जाने वाले एक यात्री के बैग से 7.65 बोर का जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मामला सामने आते ही सीआईएसएफ के जवानों ने यात्री को तुरंत हिरासत में ले लिया और पूछताछ के बाद सरोजनीनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।

फ्लाइट को 35 मिनट देरी से रवाना किया गया 

सूत्रों के अनुसार, लखनऊ से मस्कट के लिए ओमान एयरलाइंस की फ्लाइट (डब्ल्यूवाई 266) गुरुवार सुबह 9:05 बजे उड़ान भरने वाली थी। तय समय पर बोर्डिंग की प्रक्रिया चल रही थी, तभी स्कैनिंग के दौरान एक यात्री के हैंड बैग से जिंदा कारतूस मिला। घटना के चलते सुरक्षा जांच कुछ समय के लिए रोक दी गई और फ्लाइट को करीब 35 मिनट देरी से, सुबह 9:40 बजे रवाना किया गया।

7.65 बोर का कारतूस बरामद हुआ

सीआईएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि स्कैनिंग मशीन पर संदिग्ध आकृति दिखाई देने पर बैग की मैनुअल जांच की गई, जिसमें 7.65 बोर का कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान यात्री कारतूस से संबंधित कोई वैध शस्त्र लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सीआईएसएफ ने उसे हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की और फिर आगे की कार्रवाई के लिए सरोजनीनगर पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस यात्री से पूछताछ कर रही है

हिरासत में लिए गए यात्री की पहचान कानपुर निवासी बदरूदजमा के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने कारतूस के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दिया। सरोजनीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति ने बताया कि यात्री से अभी पूछताछ जारी है। अगर वह कारतूस का वैध शस्त्र लाइसेंस प्रस्तुत कर देता है तो उसे छोड़ दिया जाएगा, अन्यथा उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिबंधित सामान ले जाना सख्त वर्जित है

एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में हथियार, कारतूस या किसी भी तरह का प्रतिबंधित सामान ले जाना सख्त वर्जित है। इस तरह के मामलों में यात्रियों को न केवल कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है, बल्कि उनका विदेश यात्रा कार्यक्रम भी बाधित हो सकता है।

यात्रा से पहले अपना सामान पूरी तरह जांच लें

घटना के बाद एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों ने जांच और निगरानी को और कड़ा कर दिया है। वहीं, यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपने सामान की पूरी तरह जांच कर लें, ताकि अनजाने में भी कोई प्रतिबंधित वस्तु उनके बैग में न पहुंच सके। इस घटना ने एक बार फिर एयरपोर्ट सुरक्षा की सतर्कता और सख्ती को साबित किया है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.