Lucknow News: 10,000 का इनामी बदमाश ‘अभय माफिया’ गिरफ्तार, दो साथी पहले ही जा चुके जेल

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ कमिश्नरेट की चिनहट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चिनहट पुलिस टीम ने ₹10,000 के इनामी और वांछित अपराधी अभय प्रताप सिंह उर्फ अभय माफिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्ज़े से एक देशी पिस्टल और दो ज़िंदा कारतूस (.32 बोर) भी बरामद किए गए हैं।

क्या था मामला?

यह गिरफ्तारी 1 अक्टूबर 2025 को थाना चिनहट में दर्ज एक गंभीर मामले से जुड़ी है। शिकायतकर्ता शैलेन्द्र वर्मा ने तहरीर दी थी कि कई विपक्षीगणों ने एकराय होकर असलहे से लैस होकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

इस मामले में धारा 3(5) सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा (मु0अ0सं0-555/2025) पंजीकृत किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने तुरंत टीम गठित की थी। इस मामले में नामजद अभियुक्तों, सत्यम और उत्कर्ष मिश्रा, को पुलिस टीम ने 2 अक्टूबर 2025 को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

मुख्य अभियुक्त अभय प्रताप सिंह उर्फ अभय माफिया (उम्र लगभग 24 वर्ष) लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए उच्चाधिकारियों ने ₹10,000 का इनाम घोषित किया था।

किराये के मकान से गिरफ्तारी

पुलिस टीम ने आज 7 अक्टूबर 2025 को फरार चल रहे अभय प्रताप सिंह उर्फ अभय माफिया को गोमतीनगर विस्तार स्थित उसके किराये के मकान, बेतवा अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल मय मैगजीन और दो ज़िंदा कारतूस बरामद किए गए।

अभियुक्त पर पहले से ही थाना सुशांत गोल्फ सिटी और थाना चिनहट में मारपीट, धमकी और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के बाद अभियुक्त पर आर्म्स एक्ट (धारा 3/25) की बढ़ोत्तरी की गई है, और उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: Lucknow News: मोहनलालगंज में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, ढाई क्विंटल विस्फोटक बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.