Lucknow News: एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी का 23वां दीक्षांत समारोह कल

Lucknow News: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) का 23वां दीक्षांत समारोह मंगलवार, 9 सितंबर को पं. अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय सभागार में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला होंगे, जबकि तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

DSAC की मानद उपाधि भी दी जाएगी

इस बार बीटेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) की छात्रा नैंसी (प्रणवीर सिंह इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कानपुर) को कुलाधिपति स्वर्ण पदक मिलेगा। वहीं अनुसूचित जाति वर्ग की टॉपर छात्रा उन्नति गौर (आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज, गाज़ियाबाद) को कमल रानी वरुण स्मृति स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। कुल 88 पदक (37 स्वर्ण, 26 रजत और 25 कांस्य) छात्रों को मिलेंगे, जबकि 53,943 छात्रों को डिग्रियां और 86 छात्रों को पीएचडी की उपाधि दी जाएगी। खास बात यह है कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को DSAC की मानद उपाधि भी दी जाएगी।

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला

प्रतियोगिताओं में जीत के लिए मंच

समारोह में इस बार स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड्स भी दिए जाएंगे, जिनमें वूमेन लीड, सोशल इम्पैक्ट, टेक इनोवेशन, एक्सेसिबिलिटी, सस्टेनेबिलिटी और हेल्थ इनोवेशन जैसी कैटेगरी शामिल हैं। इसके साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों के बच्चों को भी चित्रकला, भाषण और कहानी कथन प्रतियोगिताओं में जीत के लिए मंच मिलेगा।

तकनीकी शिक्षा को और आधुनिक बनाने के लिए AKTU ने एआई और मशीन लर्निंग जैसे नए कोर्स शुरू किए हैं। साथ ही 100 करोड़ रुपये की इनोवेशन फंडिंग, 30 नए प्री-इन्क्युबेशन सेंटर और इंडस्ट्री से जुड़े ट्रेनिंग व प्लेसमेंट प्रोग्राम्स के जरिए छात्रों को रोजगार और स्टार्टअप के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

यह दीक्षांत समारोह न केवल छात्रों की उपलब्धियों का सम्मान है, बल्कि प्रदेश में नवाचार और तकनीकी शिक्षा को नई ऊंचाई देने का प्रतीक भी है।

Also Read: यूपी में 6 मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के तबादले, सूची जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.