Lucknow News: लखनऊ के पॉश इलाके में बंद मकान से 25 लाख की चोरी, पुलिस की सुस्ती पर सवाल
Lucknow News: राजधानी के पॉश इलाके गोमती नगर विस्तार में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये की ज्वैलरी और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के अनुसार, घटना को तीन दिन हो चुके हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से पॉश इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
तेरहवीं में गया था परिवार, लौटे तो टूटा मिला ताला
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार 23 अगस्त को अपने पिता की तेरहवीं में शामिल होने जौनपुर गया था। जब वे वापस लौटे तो मकान का मेन गेट टूटा मिला और खिड़की भी क्षतिग्रस्त थी। घर में दाखिल होकर देखा तो पूरा सामान अस्त-व्यस्त था। अलमारी और दराजें टूटी पड़ी थीं और उसमें रखा सोना-चांदी, कीमती गहने व नकदी चोरी हो चुकी थी। जांच के बाद पता चला कि चोरी की कुल रकम करीब 25 लाख रुपये है।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
पीड़ित परिवार ने तुरंत गोमती नगर विस्तार थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। लेकिन उनका आरोप है कि घटना के 40 से 48 घंटे बीत जाने के बाद भी न तो फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और न ही संदिग्धों की तलाश में कोई ठोस कदम उठाया गया। इलाके के लोगों का कहना है कि पुलिस की ऐसी लापरवाही से चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और शहर में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Also Read: लखनऊ में शुरू हुआ रोजगार महाकुंभ 2025, सीएम योगी ने किया उद्घाटन

