Lucknow News: अग्निवीर भर्ती रैली दौड़ के दौरान 3 महिला अभ्यर्थी बेहोश, एक घायल

Lucknow News: लखनऊ में महिला अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान उस समय हलचल मच गई जब दौड़ प्रतियोगिता के दौरान तीन अभ्यर्थी दौड़ते-दौड़ते गिरकर बेहोश हो गईं, जबकि लॉन्ग जंप के दौरान एक अन्य अभ्यर्थी के पैर में मोच आ गई। सभी को तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। भर्ती प्रक्रिया के दौरान सेना की मेडिकल टीम मौके पर मौजूद रही और बेहोश हुई अभ्यर्थियों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।

छावनी क्षेत्र में चल रही भर्ती प्रक्रिया

यह भर्ती रैली लखनऊ छावनी स्थित एएमसी सेंटर एंड कॉलेज के एएमसी स्टेडियम में आयोजित की जा रही है। रैली में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की करीब एक हजार महिला अभ्यर्थी हिस्सा ले रही हैं। इस भर्ती में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हुई हैं जिन्होंने जुलाई 2025 में ऑनलाइन सीईई परीक्षा पास की थी। अभ्यर्थियों को पहले ही ईमेल के माध्यम से एडमिट कार्ड भेज दिए गए थे और सेना अधिकारियों ने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित बताया है।

Lucknow News: अग्निवीर भर्ती रैली दौड़ के दौरान 3 महिला अभ्यर्थी बेहोश, एक घायल

1600 मीटर दौड़ बनी पहली चुनौती

भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को 8 मिनट में 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी 8 मिनट से कम समय में दौड़ पूरी कर रही हैं उन्हें ग्रेड-वन दिया जा रहा है, जबकि ठीक 8 मिनट में दौड़ पूरी करने वाली अभ्यर्थियों को ग्रेड-टू में रखा जा रहा है। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को आगे हाई जंप और लॉन्ग जंप के लिए क्वालिफाई किया जा रहा है।

हाई जंप और लॉन्ग जंप में तीन-तीन मौके

दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को 3 फीट हाई जंप और 10 फीट लॉन्ग जंप की प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है। दोनों इवेंट में अभ्यर्थियों को तीन-तीन मौके दिए जा रहे हैं। लॉन्ग जंप के दौरान ही एक अभ्यर्थी के पैर में मोच आ गई। इसके बावजूद अभ्यर्थियां पूरी ताकत और उत्साह के साथ भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेती नजर आईं।

भर्ती रैली में इस बार कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। पहले जहां स्टॉपवॉच से टाइमिंग नोट की जाती थी, वहीं अब कमरे में लगे डिजिटल क्लॉक से समय रिकॉर्ड किया जा रहा है। पहले अभ्यर्थी हाथ में आईडी कार्ड लेकर दौड़ते थे, लेकिन अब उनकी कलाई में रिस्ट बैंड लगाया जा रहा है जिसमें उनका यूनिक नंबर दर्ज रहता है। साथ ही सेना की ओर से अभ्यर्थियों को यूनिक नंबर वाली शर्ट भी दी जा रही है। पूरे कैंपस में निगरानी के लिए 50 से 60 इंटीग्रेटेड कैमरे लगाए गए हैं।

Lucknow News: अग्निवीर भर्ती रैली दौड़ के दौरान 3 महिला अभ्यर्थी बेहोश, एक घायल

तड़के 4 बजे से शुरू हुई प्रक्रिया

रिपोर्टिंग के बाद अभ्यर्थियों को अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया और प्रत्येक ग्रुप को 1600 मीटर दौड़ के लिए मैदान में उतारा गया। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में दिए निर्देश के अनुसार तड़के 4 बजे रिपोर्ट करने को कहा गया था और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी तय समय से पहले ही पहुंच गई थीं।

यह भर्ती रैली उत्तर प्रदेश में आयोजित भर्ती श्रृंखला की छठी कड़ी है। इसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों से लगभग एक हजार शॉर्टलिस्ट की गई महिला अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। भर्ती प्रक्रिया के दौरान मेडिकल टीम लगातार अलर्ट मोड में तैनात रही ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

 

Also Read: बसपा में बड़ा फेरबदल: आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ का कद बढ़ा, मायावती ने सौंपी 4 राज्यों की कमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.