Lucknow News: होटल ‘ट्रेवलर्स इन’ में हाथ साफ करने वाले 3 शातिर चोर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के विभूतिखण्ड थाना क्षेत्र में चोरी की एक वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पॉलिटेक्निक चौराहे के पास घेराबंदी कर तीन ऐसे शातिर चोरों को दबोचा है, जो बंद इमारतों और निर्माणाधीन संपत्तियों की रेकी कर वहां डाका डालते थे।
क्या था मामला?
दरअसल, ईश्वरीखेड़ा (विभूतिखण्ड) के रहने वाले मनीष कुमार औधिया ने 8 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके होटल ‘ट्रेवलर्स इन’ का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने कीमती सामान पार कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित की और सर्विलांस व मैनुअल इनपुट की मदद से चोरों का पीछा शुरू किया।
ईंटों से तोड़ते थे ताला, नशे के लिए करते थे वारदात
पकड़े गए अभियुक्त अभिषेक कश्यप, करन जायसवाल और हिमांशू रस्तोगी ने पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि वे अक्सर उन मकानों या दुकानों की तलाश में रहते थे जो बंद हों या जहां निर्माण कार्य चल रहा हो। 7 और 8 जनवरी की दरम्यानी रात उन्होंने ईंटों से होटल का ताला तोड़ा और वहां से कंप्यूटर सिस्टम व बैटरी चोरी कर ली। चोरों ने बताया कि वे चोरी का सामान राहगीरों को सस्ते दाम पर बेच देते थे और उस पैसे से अपने नशे और महंगे शौक पूरे करते थे।
पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया?
02 एलसीडी और 01 बैटरी (टूटी हुई हालत में)
02 कीबोर्ड और 01 सीपीयू बॉक्स
870 रुपये नकद
शातिर है गिरोह का सदस्य
पकड़े गए आरोपियों में से एक, अभिषेक कश्यप का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह पहले भी गाजीपुर थाने से लूट और चोरी के तीन मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा बेचे गए सामान के खरीदारों का पता लगा रही है।
विभूतिखण्ड थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Also Read: पश्चिमी यूपी में नशे की बड़ी खेप बरामद, ‘बंगाल से बागपत’ तक चल रहा था मौत का व्यापार

