Lucknow News: भाजपा नेत्री के घर में दिनदहाड़े 30 लाख की चोरी, गला दबाकर भागे बदमाश

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि दिनदहाड़े घरों में घुसकर चोरी और लूट की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला चिनहट थाना क्षेत्र की देवराजी विहार कॉलोनी का है, जहां भाजपा की मंडल कोषाध्यक्ष प्रेमलता सिंह उर्फ शीलू सिंह के घर में मंगलवार को बड़ी चोरी हो गई। चोर घर से करीब 1.40 लाख रुपये नकद और 30 लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए।

पोते को स्कूल लेने गई थी पीड़िता

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपने पोते को स्कूल से लेने गई थीं। उस दौरान घर पर कोई मौजूद नहीं था और मुख्य गेट पर ताला लगा था। जब वह वापस लौटीं तो दरवाजा खुला मिला। जैसे ही वह अंदर पहुंचीं, उनके सामने हैरान करने वाला नजारा था—कमरे का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।

प्रेमलता सिंह ने बताया कि उनके आने की आहट सुनकर एक चोर दीवार फांदकर भाग निकला, जबकि दूसरा मौके पर ही था। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए उस चोर को दबोच लिया, लेकिन शातिर बदमाश ने उनका गला दबाकर धक्का दिया और तेजी से फरार हो गया। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग तो जुटे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। घर की अलमारी की जांच करने पर पता चला कि नकदी और जेवर गायब हैं।

पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही चिनहट थाना पुलिस के साथ-साथ पुलिस अफसर और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घर का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और पीड़िता से लिखित तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों में तीन चोर बाइक से जाते हुए नजर आए हैं। फुटेज की मदद से पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है। दावा किया जा रहा है कि जल्द ही इस दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी का पर्दाफाश कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Also Read: Gorakhpur News: मृतक मुश्ताक की बेटी ने थानाध्यक्ष पर 50 हजार रुपये लेने का लगाया आरोप,एसएसपी से शिकायत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.